Thursday , October 29 2026

अदाणी और IHCL की साझेदारी, एयरपोर्ट सिटी में खुलेंगे विवांता और जिंजर के नए होटल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने चार शहरों में 2,000 से अधिक कमरों वाले आठ होटलों के विकास के लिए समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत लखनऊ में विवांता और जिंजर ब्रांड के दो होटल विकसित किए जाएंगे।

यह पहल लखनऊ में एयरपोर्ट सिटी के तहत प्रस्तावित एकीकृत विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से विमानन के साथ-साथ आतिथ्य, वाणिज्यिक गतिविधियों और पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं के विकास को बढ़ावा मिलेगा। इससे शहर में बढ़ती व्यावसायिक एवं पर्यटन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ यात्रियों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

अदाणी एयरपोर्ट्स ने सात राज्यों में आठ हवाई अड्डों पर 655 एकड़ से अधिक भूमि के विकास के लिए अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड की स्थापना की है। पहले चरण में मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में लगभग 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र के विकास के लिए 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है।

अदाणी एयरपोर्ट्स का लक्ष्य हवाई अड्डों को केवल आवागमन के केंद्र तक सीमित न रखते हुए उन्हें ऐसे एकीकृत गंतव्यों के रूप में विकसित करना है, जहां आतिथ्य, व्यवसाय, खुदरा व्यापार और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं एक साथ उपलब्ध हों। IHCL के साथ यह साझेदारी इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगी और लखनऊ सहित प्रमुख विमानन केंद्रों के आसपास आतिथ्य संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी।

इस समझौते के तहत विकसित होने वाले आठ होटलों में तीन ताज, दो विवांता, एक गेटवे और दो जिंजर होटल शामिल हैं। इन होटलों का विकास अदाणी एयरपोर्ट्स द्वारा किया जाएगा, जबकि इनका संचालन IHCL करेगी।