लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विज्ञान फाउंडेशन द्वारा संचालित पलटन छावनी स्थित आश्रय गृह में मंगलवार को लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आश्रय गृह में ठहरने वाले बेघर लोगों और प्रवासी श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान उनकी आंखों की जांच के साथ जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि आश्रय गृह बेघर लोगों और प्रवासी मजदूरों की सुविधा के लिए बनाए गए हैं। ऐसे लोगों को खुले में रहने के बजाय आश्रय गृहों में आकर वहां उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आश्रय गृह में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से लायंस क्लब की ओर से स्वास्थ्य और आंखों की जांच के लिए शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपनी स्वास्थ्य जांच कराएं और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ रहें।

शिविर के दौरान आश्रय गृह में ठहरने वाले लोगों की आंखों की जांच की गई। साथ ही अन्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण कर जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से आश्रय गृह में रह रहे लोगों को काफी सहूलियत मिली। कार्यक्रम के तहत लायंस क्लब परिवार की ओर से आश्रय गृह में ठहरने वाले लोगों के लिए शाम के भोजन की भी व्यवस्था की गई। इसका लाभ आश्रय गृह के सभी अंतर्वासियों और अन्य जरूरतमंद साथियों ने उठाया।
इस दौरान विज्ञान फाउंडेशन द्वारा संचालित इंडिया लेबर लाइन के राज्य समन्वयक गुरु प्रसाद ने श्रमिकों को हेल्पलाइन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मजदूरों को मुफ्त सहायता और कानूनी सलाह उपलब्ध कराने के लिए इंडिया लेबर लाइन की हेल्पलाइन 1800-833-9020 जारी की गई है। यह सेवा सोमवार से शनिवार तक सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक संचालित होती है।

उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि कामकाज के दौरान किसी तरह की समस्या होने या कानूनी सहायता की जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन का उपयोग करें। इसके बाद आश्रय गृह में ठहरने वाले लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच और आंखों का परीक्षण कराया तथा मुफ्त दवाएं प्राप्त कीं।
इस मौके पर पार्षद मानसिंह यादव, लखनऊ नगर निगम के पूर्व उप सभापति प्रदीप शुक्ला, लायंस क्लब के नवीन झिंगरन, डॉ. आर.सी. मिश्रा, डॉ. मनोज रुहेला, विशाल सिन्हा सहित लायंस क्लब के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal