Monday , October 12 2026

गरबा की थाप पर झूमेगी राजधानी, सजेगी रंगारंग डांडिया नाइट

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजधानी में उत्सव और उमंग के रंग बिखेरने के लिए रविवार, 18 अक्टूबर को भव्य गरबा की रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। श्री मौसमगंज रामलीला समिति एवं नाट्य परिषद तथा आसरा वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम बाबूगंज स्थित रामाधीन सिंह उत्सव लॉन में शाम सात बजे से शुरू होगा। आयोजन में गरबा, डीजे, स्वादिष्ट व्यंजन, वेलकम ड्रिंक और सेल्फी पॉइंट सहित कई आकर्षण होंगे।

संयोजक निलेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए सर्वाधिक ऊर्जावान जोड़ी (बेस्ट एनर्जेटिक कपल) और सर्वश्रेष्ठ परिधान वाली जोड़ी (बेस्ट ड्रेस्ड कपल) को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। रंग-बिरंगी सजावट, संगीत और पारंपरिक परिधानों के बीच आयोजित होने वाली यह शाम लोगों को मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

संयोजक आशीष अग्रवाल खन्नू ने बताया कि डांडिया नाइट का उद्देश्य समाज के लोगों, युवाओं और परिवारों को एक मंच पर लाकर आपसी मेलजोल, सांस्कृतिक सहभागिता और उत्सव की खुशियों को साझा करना है। कार्यक्रम को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि डांडिया और डीजे की धुन के साथ प्रतिभागियों के लिए मनोरंजन की विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी। आयोजन में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए भी विशेष आकर्षण रहेगा।

कार्यक्रम के संयोजक मंडल में घनश्याम दास अग्रवाल ‘गुड्डा भैया’, रंजीत सिंह ‘पार्षद’, रुपेश अग्रवाल ‘मिंटू’, आशीष अग्रवाल ‘खन्नू’, अनुराग साहू, प्रियंक गुप्ता, पंकज मिश्रा, रचित अग्रवाल और शुभम सिंह ‘मोंटी’ शामिल हैं।