लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को अलीगंज स्थित विंध्याचल धाम में शिव सहाय गर्ल्स पीजी कॉलेज, बीकेटी के तत्वावधान में माता की चौकी का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेज की पांचों शाखाओं के विद्यार्थियों ने अपनी मधुर भजन प्रस्तुतियों से पूरे मंदिर परिसर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। मां दुर्गा के जयकारों और मनमोहक भजनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूम उठे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान पुजारी के मंत्रोच्चारण के बीच निकुंज परिवार के समन्वयक, प्रधानाचार्यों और इंचार्जों के सहयोग से हुआ। संस्थान के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल और अलका जायसवाल ने मां विंध्याचल का चुनरी, फूलों और गजरे से भव्य श्रृंगार कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा ज्योति प्रज्वलित कर माता की चौकी का शुभारंभ किया। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थापित सभी देवी-देवताओं का भी श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की गई।

इसके बाद भजन मंडली के प्रमुख प्रवीन यादव और शाहिल के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी की छात्राओं अन्वी गुप्ता, आराधना राजपूत और उनकी मंडली ने “मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई…”, ‘मैया जी शेर पे सवार, रूपवा मनवा मोहत वा’ तथा ‘परदा न कर पुजारी’ जैसे भजनों से भक्तों का मन मोह लिया। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति पर पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा।
बाल निकुंज इंटर कॉलेज गर्ल्स विंग की छात्राओं लक्ष्मी मौर्या, खुशी राजपूत, काजल वर्मा, सुहानी यादव और आकृति अवस्थी की मंडली ने ‘तेरे दरबार में मैया खुशी मिलती है’ और ‘मेरी अंखियों के सामने ही रहना’ भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों की धुन पर भक्त झूमते और नृत्य करते नजर आए।

इसी क्रम में बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पल्टन छावनी की भजन मंडली ने ‘तेरे दर पे’ और ‘चंदा भी देख शरमाया’ जैसे भजनों से भक्तिमय माहौल को और उल्लासपूर्ण बना दिया। वहीं, डे बोर्डिंग की ओर से ‘तूने मुझे बुलाया शेरावालिए’, ‘शेरावाली मैया को भज ले’ और ‘शेरावाली का सजा है दरबार’ सहित कई मनमोहक भजन प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की सुरमयी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर तक भक्ति के रंग में रंगे रखा।

दोपहर की आरती के साथ माता की चौकी का समापन हुआ। इस अवसर पर धाम के पुजारी ने भजन मंडली में शामिल सभी छात्राओं को चुनरी, दक्षिणा और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया गया।
कार्यक्रम में निकुंज परिवार के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और मां दुर्गा के जयकारों से विंध्याचल धाम गूंजता रहा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal