लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दृष्टि दिव्यांगजनों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और उन्हें शिक्षा, रोजगार एवं दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जयति भारतम् एवं इनेबल इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सॉल्यूशन वीक’ का समापन जानकीपुरम स्थित जयति भारतम् परिसर में हुआ। ‘सी अ मिलियन’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में दृष्टि दिव्यांग विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, सामान्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों सहित 600 से अधिक लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से दृष्टि दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक डिजिटल उपकरणों, तकनीकी सुविधाओं और सुगम्यता के उपायों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर और जयति भारतम् की सचिव रंजना अग्निहोत्री ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दृष्टि दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी डिजिटल उपकरणों और सहायक तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

जयति भारतम् की सचिव रंजना अग्निहोत्री ने बताया कि ‘सी अ मिलियन’ अभियान दृष्टिबाधित और कम दृष्टि वाले लोगों को डिजिटल रूप से साक्षर बनाने की विशेष पहल है। इसका उद्देश्य देशभर के 10 लाख दृष्टि दिव्यांगजनों को डिजिटल तकनीक का उपयोग सिखाकर आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी के लिए सक्षम करना है।
संस्था की चीफ फंक्शनरी डॉ. रेनू अग्निहोत्री ने अभियान के उद्देश्यों और इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके तहत स्क्रीन रीडर और मैग्नीफायर जैसे सहायक टूल्स के माध्यम से दृष्टि दिव्यांगजनों को कंप्यूटर एवं लैपटॉप चलाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे वे डिजिटल माध्यमों से शिक्षा प्राप्त करने, रोजगार के अवसर तलाशने और विभिन्न कार्यों को स्वतंत्र रूप से पूरा करने में सक्षम हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस पहल का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य दृष्टि दिव्यांग विद्यार्थियों को बिना लेखक की सहायता के लैपटॉप के माध्यम से परीक्षा देने योग्य बनाना भी है। इसके साथ ही ई-मेल, मैसेजिंग और ऑनलाइन बैंकिंग जैसी दैनिक एवं वित्तीय सेवाओं का स्वतंत्र रूप से उपयोग करने का प्रशिक्षण दिया जाता है। अभियान के तहत दृष्टिबाधित व्यक्तियों को ही तकनीकी प्रशिक्षण देकर प्रशिक्षक के रूप में तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि वे अन्य जरूरतमंद लोगों को प्रशिक्षित करने के साथ रोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम का आयोजन जयति भारतम् की चीफ फंक्शनरी डॉ. रेनू अग्निहोत्री एवं कोऑर्डिनेटर अभिलाषा अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों के अलावा जन उद्घोष व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री विनोद सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, प्रदेश महामंत्री आरके सिंह चौहान, महानगर लखनऊ अध्यक्ष विपिन सिंह तथा जानकीपुरम के महामंत्री रोहित कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से दृष्टि दिव्यांगजनों के लिए डिजिटल तकनीक की उपयोगिता, शिक्षा एवं रोजगार में समान अवसर और सामाजिक समावेशन की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal