लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स टेक्नोलॉजी (IPT) में संचालित UG एवं PG पाठ्यक्रम (प्लास्टिक इंजीनियरिंग एवं मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग) के नवागंतुक प्रशिक्षुओं के स्वागत में फ्रेशर डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. हरि ओम (प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन के माध्यम से विद्यार्थियों को निरंतर बेहतर प्रयास करने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि करने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने मानवता एवं इंजीनियरिंग के महत्व से संबंधित महत्वपूर्ण एवं तथ्यपरक जानकारी प्रदान की। साथ ही, उन्होंने वर्तमान युग में व्यावसायिक शिक्षा की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए समर्पण, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सिपेट, लखनऊ के केंद्र प्रमुख एवं संयुक्त निदेशक विवेक कुमार द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथि को सिपेट की कार्यप्रणाली, संस्थान की प्रमुख गतिविधियों तथा संस्थान में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने सिपेट, लखनऊ के विभिन्न विभागों, जैसे कैलिब्रेशन विभाग, टॉय टेस्टिंग विभाग, प्लास्टिक टेस्टिंग विभाग, टूल रूम एवं प्रोसेसिंग विभाग का भ्रमण किया। संस्थान में उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था एवं विभिन्न विभागों में संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान की कार्यशैली, तकनीकी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में सिपेट, लखनऊ के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नवागंतुक प्रशिक्षुओं का संस्थान से परिचय कराना, उनमें आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना विकसित करना तथा उन्हें तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और व्यावसायिक उत्कृष्टता की दिशा में प्रेरित करना था।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal