Thursday , October 8 2026

फैजुल्लागंज में राहत अभियान जारी, बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे डा. नीरज बोरा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमती के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की मार झेल रहे फैजुल्लागंज में राहत और बचाव अभियान सातवें दिन भी लगातार जारी रहा। जलभराव और प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा की टीम नावों के जरिए प्रभावित बस्तियों तक पहुंची और जरूरतमंद परिवारों को राशन, पका हुआ भोजन व पेयजल उपलब्ध कराया। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और संकट की इस घड़ी में धैर्य व संयम बनाए रखने की अपील की।

राहत अभियान के तहत मथुरा विहार, सावित्री नगर, लोहरामऊ, ऊंचा टीला, शिव शक्ति नगर और राम विहार समेत विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। राहत टीम ने नाव के माध्यम से बाढ़ प्रभावित कॉलोनियों में पहुंचकर लोगों को राशन सामग्री और पानी की बोतलें उपलब्ध कराईं। पका हुआ भोजन भी प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया गया।

इस दौरान क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रक्षामंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह और जनसंपर्क अधिकारी पुष्कर शुक्ला ने प्रभावित परिवारों से संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में फैजुल्लागंजवासियों के साथ वह स्वयं, उनकी टीम और कार्यकर्ता लगातार खड़े हैं। प्रभावित परिवारों तक राहत, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन भी अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है और प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक ने लोगों से अपील की कि यह प्राकृतिक आपदा की स्थिति है, इसलिए घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखें। किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और प्रशासन व राहत टीमों के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता नहीं पहुंच जाती, तब तक राहत अभियान जारी रहेगा।

राहत सामग्री वितरण में सतीश वर्मा, लवकेश सिंह, मनीष बाजपेई, शिवम श्रीवास्तव, बबलू चौधरी, शैलेंद्र मौर्य, आदित्य गौड़, शैलेंद्र स्वर्णकार सहित अन्य कार्यकर्ता जुटे रहे। टीम ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराई।