Thursday , October 8 2026

पार्षदों संग भाजपा का संवाद, स्नातक खंड चुनाव के लिए जनसंपर्क तेज करने पर जोर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्नातक खंड चुनाव के निमित्त भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा गोमतीनगर स्थित सीएमएस सभागार में पार्षदगण के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगामी स्नातक खंड चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, मतदाताओं से संपर्क और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी एवं स्नातक खंड चुनाव प्रत्याशी इं. अवनीश कुमार सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा, उपनेता मुन्ना मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि स्नातक खंड चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक पार्षद अपने क्षेत्र में स्नातक मतदाताओं से निरंतर संपर्क स्थापित करें और उन्हें चुनाव की प्रक्रिया, मतदाता सूची तथा मतदान से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय और समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी संवाद में निहित है। पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं के साथ संवाद को और मजबूत करें।

महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि स्नातक खंड चुनाव को लेकर महानगर संगठन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने पार्षदगण से कहा कि अपने-अपने वार्डों में स्नातक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाते हुए मतदाता सूची के सत्यापन और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि का समन्वित प्रयास चुनावी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में एमएलसी एवं स्नातक खंड चुनाव प्रत्याशी ई. अवनीश कुमार सिंह ने भी उपस्थित पार्षदगण से संवाद किया और चुनाव से संबंधित विषयों पर चर्चा की। इस दौरान पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से पदाधिकारियों को अवगत कराया तथा आगामी कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क को लेकर सुझाव रखे।