Wednesday , October 7 2026

AKTU : फ्रेशर्स-26 में नृत्य-संगीत की धूम, अक्षत और सौम्या बने मिस्टर-मिस फ्रेशर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर एंडवांस्ड स्टडीज एवं मैनेजमेंट फैकल्टी के बीटेक, एमटेक एवं एमबीए और बीबीए के नवागत छात्रों के लिए बुधवार को फ्रेशर्स पार्टी फ्रेशर्स-26 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। फिल्मी गानों पर जमकर झूमें तो सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्य, गायन से दिल जीत लिया। 

इस दौरान कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने कहा कि सपनों को सच करने के लिए युवाओं को अपना रास्ता खुद बनाना होगा। अच्छे टेक्नोक्रेट, मैनेजर बनना तभी सार्थक है जब वह समाज के लिए कुछ करे। इसलिए सबसे जरूरी है एक अच्छा और जिम्मेदार नागरिक बनना। हमेशा अपनी विरासत और मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए अनुशासित रहना होगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई छात्र विशेष प्रशिक्षण या कोर्स करना चाहता है तो वह प्रस्ताव अपने शिक्षक को दे। विश्वविद्यालय ऐसे छात्रों को इंडस्ट्री ट्रेनिंग आदि कराने का प्रबंध करेगा।

कुलसचिव अर्चना गहरवार ने कहा कि अपने माता-पिता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए जरूरी है लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहें। तभी सफलता मिलेगी। वित्त अधिकारी केशव सिंह ने कहा कि एक अच्छा इंसान बनकर हम देश के विकास में अपना योगदान दे सकते हैं।इसी क्रम में परीक्षा नियंत्रक प्रो0 दीपक नगरिया, कैस के निदेशक प्रो0 एसपी शुक्ल ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम में सरोज पाण्डेय, एसो0 डीन इनोवेशन डॉ0 अनुज कुमार शर्मा, उपकुलसचिव डॉ0 आयुष श्रीवास्तव, उप परीक्षा नियंत्रक नेहा श्रीवास्तव, सहा0 कुलसचिव रंजीत सिंह, डॉ0 विनय चतुर्वेदी, डॉ0 गजेंद्र गुप्ता, डॉ0 वर्षा शुक्ला, आरजु गुप्ता सहित अन्य शिक्षक एव अधिकारी मौजूद रहे। 

प्रस्तुतियों से बांधा समां

फ्रेशर्स पार्टी में छात्रों ने एक से बढ़कर एक सांस्कतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। सोलो डांस, ग्रुप डांस, स्टैंडअप कॉमेडी, सिंगिंग, रैंप वाक, जंबिंग, ड्रामा, चेयर रिले में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरूआत गणेश वंदना से हुई। विभिन्न प्रस्तुतियों के आधार पर मिस्टर फ्रेशर अक्षत सिंह, मिस फ्रेशर सौम्या गुप्ता, पीयूष तविशी को चुना गया।