Wednesday , October 7 2026

विकास पथ पर आगे बढ़ता भारत : डा. नीरज बोरा

पीएम नरेंद्र मोदी की राष्ट्र साधना के 25 वर्ष

डा. नीरज बोरा लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दो बार के निर्वाचित भाजपा विधायक हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर टेलीस्कोप टुडे संवाददाता शम्भू शरण वर्मा से बातचीत में उन्होंने मोदी जी के नेतृत्व, देश के विकास और लखनऊ में हुए बदलावों को लेकर अपने विचार साझा किए। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश :

प्रश्न : मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को आप किस तरह देखते हैं?

डा. नीरज बोरा : देखिए, मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को मैं सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की निरंतर यात्रा के रूप में देखता हूं। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने जिम्मेदारी संभाली और उसके बाद मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक लगातार देश और समाज के लिए काम किया है।  इस पूरी यात्रा में एक बात लगातार दिखाई देती है- बड़े लक्ष्य तय करना और उन्हें जमीन पर उतारने का प्रयास करना। चाहे गरीबों के जीवन में बदलाव की बात हो, बुनियादी सुविधाओं की बात हो, डिजिटल भारत की बात हो या आत्मनिर्भर भारत की, उनकी सोच में सामान्य नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर रहा है। मेरे विचार से 25 साल किसी भी सार्वजनिक जीवन के लिए एक लंबा समय होता है और इस अवसर पर उनके पूरे सार्वजनिक जीवन को सेवा और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता के संदर्भ में देखना चाहिए।

प्रश्न : भारत के लिए मोदी जी का सबसे बड़ा योगदान क्या रहा है?

डा. नीरज बोरा : मेरे हिसाब से मोदी जी का सबसे बड़ा योगदान यह है कि उन्होंने देश में आत्मविश्वास और बड़े लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने की भावना को मजबूत किया है। आज हम विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे लक्ष्यों की बात करते हैं। इसका असर केवल बड़े उद्योगों तक नहीं है। जनधन खाते से लेकर डिजिटल भुगतान तक, गरीबों के आवास से लेकर उज्ज्वला और आयुष्मान भारत तक, सरकार की अनेक योजनाओं ने सामान्य परिवार के जीवन को सीधे प्रभावित किया है। केंद्र सरकार के अनुसार इन वर्षों में आवास, बिजली, स्वच्छ पानी, लाभार्थी को बिना बिचौलिया सीधे बैंक खाते में लाभ भेजना और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का बड़े पैमाने पर विस्तार हुआ है। मुझे लगता है कि इन सबके साथ सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह सोच है कि देश का विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

प्रश्न : मोदी जी के नेतृत्व में लखनऊ को विकास के क्षेत्र में क्या लाभ मिला है?

डा. नीरज बोरा : लखनऊ के संदर्भ में देखें तो पिछले वर्षों में यह शहर विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। तस्वीर काफी बदली है। कनेक्टिविटी, मेट्रो, सड़क, फ्लाईओवर्स और एक्सप्रेसवे जैसी सुविधाओं के साथ-साथ लखनऊ को रक्षा उत्पादन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी नई पहचान मिली है। लखनऊ के लोकप्रिय सांसद और भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में लखनऊ मेट्रो के विस्तार के लिए केंद्र सरकार ने 2025 में मंजूरी दी। जिसमें 12 स्टेशनों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसके पूरा होने पर शहर में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क 34 किलोमीटर हो जाएगा। दूसरी बड़ी बात है उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में लखनऊ की भूमिका। यहां ब्रह्मोस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी शुरू हुई और 2025 में यहां निर्मित पहली खेप रवाना हुई। इससे लखनऊ रक्षा उत्पादन, तकनीक, निवेश और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ रहा है। इसलिए मैं कहूंगा कि लखनऊ को केवल राजधानी के रूप में नहीं, बल्कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और नए औद्योगिक अवसरों वाले शहर के रूप में आगे बढ़ने का अवसर मिला है। 

प्रश्न : मोदी सरकार की कौन-सी पहल ने लोगों के जीवन में सबसे बड़ा बदलाव लाया है?

डा. नीरज बोरा : अगर किसी एक योजना का नाम लेना हो तो यह कहना थोड़ा मुश्किल होगा, क्योंकि अलग-अलग वर्गों के लिए अलग-अलग योजनाओं का महत्व रहा है। लेकिन जनधन, उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को सीधे प्रभावित किया है। किसी गरीब परिवार को पक्का घर मिलना, किसी महिला को धुएं से राहत मिलना, किसी परिवार को इलाज की चिंता से राहत मिलना या किसी गांव के घर तक नल से पानी पहुंचना, ये ऐसी चीजें हैं जिनका असर आंकड़ों से ज्यादा परिवार के जीवन में महसूस होता है। मेरे लिए इन योजनाओं की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि विकास को केवल आर्थिक आंकड़ों तक सीमित नहीं रखा गया अपितु सामान्य व्यक्ति की जिंदगी को बेहतर बनाने से जोड़ा गया।

प्रश्न : मोदी जी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर आप उन्हें क्या संदेश देना चाहेंगे?

डा. नीरज बोरा : मैं मोदी जी को सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक शुभकामनाएं दूंगा। 25 वर्षों तक लगातार सार्वजनिक जिम्मेदारी निभाना अपने आप में एक लंबी यात्रा है। आज जब हम इस यात्रा को देखते हैं तो इसमें अनेक उतार-चढ़ाव और अनेक चुनौतियां भी रही हैं, लेकिन देश के लिए काम करने का उनका संकल्प लगातार दिखाई देता है। मेरी शुभकामना है कि आने वाले वर्षों में भी वे विकसित भारत के संकल्प, गरीब कल्याण, युवाओं के अवसर, आत्मनिर्भरता और देश की प्रगति के लिए इसी ऊर्जा के साथ काम करते रहें। …. और अंत में मैं यही कहूंगा कि भारत के लिए आने वाला समय बहुत महत्वपूर्ण है। देश को आगे ले जाने के लिए सरकार के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। मोदी जी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के इस अवसर पर उन्हें मेरी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।