लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर से फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात के बीच क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा प्रभावितों की मदद के लिए लगातार मोर्चे पर डटे हैं। पांचवें दिन भी राहत अभियान थमने के बजाय और तेज हुआ। जलभराव के बीच विधायक की टीम नाव के जरिए दाउदनगर और आसपास के प्रभावित इलाकों में पहुंची।

जलभराव और दुश्वारियों के बावजूद विधायक की टीम ने घर-घर राहत सामग्री और पेयजल पहुंचाया। नाव के जरिए बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया गया।
बोरा फाउंडेशन की चेयरपर्सन एवं समाजसेवी बिंदु बोरा और निदेशक इंजीनियर वत्सल बोरा ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। बिंदु बोरा ने प्रभावित महिलाओं से बातचीत कर उनके साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

राहत टीम ने लोहरामऊ, मामा कॉलोनी, विष्णुपुरी, गणेश विहार, शिव शक्ति नगर, जैन कॉलोनी और चौबे की डेयरी सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों से सीधे मुलाकात कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई और राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।


क्षेत्र में लगातार जलभराव के बीच विधायक डॉ. नीरज बोरा की ओर से चलाया जा रहा यह राहत अभियान प्रभावित परिवारों के लिए लगातार सहारा बना हुआ है। टीम का प्रयास है कि बाढ़ की स्थिति में कोई भी जरूरतमंद परिवार भोजन और पेयजल जैसी बुनियादी जरूरतों से वंचित न रहे।
राहत अभियान में सतीश वर्मा, लवकेश सिंह, शिवम श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, शैलेंद्र मौर्य, सुनील सिंह और रामशरण सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal