‘मेरे बेटे ने मेरा नाम रोशन कर दिया, वह बचपन से ही बहुत सच्चा है’
असेंबली छूटी, पहले बुजुर्ग की मदद की; मां ने सुनाया शोभिनव का बचपन
लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। बहुचर्चित फिल्म हनुमान अंश में बाबा नीम करौली महाराज की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अभिनव श्रीवास्तव उर्फ शोभिनव सत्या के परिजनों को कायस्थ परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। इस मौके पर शोभिनव की मां लक्ष्मी श्रीवास्तव ने भावुक होते हुए कहा कि माता-पिता के लिए इससे बड़ा गर्व क्या होगा कि लोग उन्हें उनके बेटे के नाम से जानें। उन्होंने कहा, “आज मेरे बेटे ने मेरा नाम रोशन कर दिया। और क्या कहूं, मेरा बेटा बहुत अच्छा है।”
लक्ष्मी श्रीवास्तव ने शोभिनव के बचपन की एक घटना साझा करते हुए बताया कि स्कूल जाते समय रास्ते में उन्हें एक बुजुर्ग दिखाई दिए, जिन्हें ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। स्कूल की असेंबली छूटने और देर होने की चिंता किए बिना शोभिनव पहले उस बुजुर्ग को सड़क पार कराने के लिए रुके और इसके बाद स्कूल पहुंचे। देर से पहुंचने पर उन्हें असेंबली में खड़ा किया गया। जब स्कूल प्रबंधन को देरी की वजह पता चली तो उन्होंने शोभिनव के इस व्यवहार की सराहना की और सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि शोभिनव बचपन से ही बेहद सत्यवादी रहे हैं और कभी झूठ बोलना उनकी आदत नहीं रही। मां ने बताया कि एक बार मोबाइल फोन को लेकर भी स्कूल में ऐसी स्थिति बनी, जिसमें गलती उनकी थी। शोभिनव ने पूरी सच्चाई बताई और बाद में परिवार ने भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए स्कूल प्रबंधन से माफी मांगी।
लक्ष्मी श्रीवास्तव ने कहा कि बेटे की यही सच्चाई, संवेदनशीलता और दूसरों की मदद करने की आदत आज भी उसके व्यक्तित्व का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पर्दे पर बाबा नीम करौली महाराज का किरदार निभाने वाले शोभिनव की सहजता और शांति उसके वास्तविक जीवन में भी दिखाई देती है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि बेटे की उपलब्धि और उसके संस्कारों पर उन्हें गर्व है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal