Friday , October 2 2026

नवयुग कन्या महाविद्यालय में श्रमदान, रैली और स्वच्छता का संकल्प

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नवयुग कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) तथा 19वीं यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर तथा बापू के प्रिय भजनों “रघुपति राघव राजा राम” व “वैष्णव जन तो तेने कहिये” के मधुर गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट निकिता सिंह व एनएसएस स्वयंसेविका अनुश्री त्रिपाठी ने दोनों महापुरुषों के जीवन दर्शन, सिद्धांतों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर अपने विचार रखे।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि अहिंसा, शुचिता और स्वच्छता जीवन का अभिन्न अंग होने चाहिए। उन्होंने पंचायती राज प्रणाली (73वें व 74वें संविधान संशोधन), सत्ता के विकेंद्रीकरण और अंत्योदय की अवधारणा को रेखांकित करते हुए Gen-Z (युवा पीढ़ी) से “सादा जीवन, उच्च विचार” के मूल मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान किया।

प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने स्वच्छता एवं नशामुक्ति जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर राजेंद्र नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए नाका चौराहा तक निकाली गई। रैली के दौरान छात्राओं और कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक नारे लगाकर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया गया। श्रमदान में छात्राओं, शिक्षकवृंद, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों ने कंधे से कंधा मिलाकर भागीदारी की तथा महाविद्यालय परिसर व कक्षाओं की साफ-सफाई की। इसके साथ ही स्वच्छता व राष्ट्र सेवा पर आधारित सुंदर पोस्टर प्रदर्शनी भी आयोजित की गई।

इस अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की समन्वयक डॉ. सुनीता सिंह , एनसीसी केयरटेकर ऑफिसर डॉ. आभा दुबे, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा बड़ौनिया, डॉ. चंदन मौर्य, दीक्षा, नशामुक्ति अभियान नोडल अधिकारी प्रो. सीमा पांडेय, प्रो. अंबिका बाजपेई, प्रो. आभा पाल, डॉ. नेहा पांडेय सहित शिक्षणेत्तर कर्मचारी व छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी को स्वच्छता का सामूहिक संकल्प दिलाया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।