लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में 14 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित हिंदी पखवाड़ा-2026 के उपलक्ष्य में 30 सितंबर को समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया।

हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत वर्ष भर हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागों की प्रतियोगिता, हिंदी निबंध प्रतियोगिता, हिंदी भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी भाषायी एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई भी दी।
समारोह के दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ की एक विशेष उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया। छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के लिए आयोजित लोगो प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर कार्यालय की कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी लकी सिंह को बधाई दी गई। सुश्री सिंह ने हिंदी दिवस-2026 के अवसर पर नवी मुंबई में आयोजित समारोह में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय एवं संजय कुमार बंडी के कर-कमलों से यह पुरस्कार प्राप्त किया था।

समारोह में आयोजित कवि सम्मेलन में पंकज प्रसून, गजेंद्र प्रियांशु, कमल किशोर भावुक एवं रश्मि शरद ने अपनी काव्य प्रस्तुति दी। कवियों ने हास्य, व्यंग्य, ओज एवं भावपूर्ण रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। उनकी प्रस्तुतियों का उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भरपूर आनंद लिया और करतल ध्वनि से उनका उत्साहवर्धन किया।
पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने आमंत्रित कवियों को सम्मानित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। कवि सम्मेलन के साथ हिंदी पखवाड़ा-2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस आयोजन ने कार्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ सरकारी कामकाज में हिंदी के निरंतर एवं प्रभावी प्रयोग का संदेश दिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal