Wednesday , September 30 2026

बाल निकुंज : 74 मेधावियों संग संग शिक्षक भी सम्मानित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर गर्ल्स विंग के शिव सहाय जी सभागार में बुधवार को मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की पांचों शाखाओं के 74 मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अंतरशाखीय साइंस ओलंपियाड के तहत आठ विषयों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 24 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। हाईस्कूल गणित में बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी की वंशिका यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि विज्ञान में ब्वॉयज विंग के ध्रुव अग्निहोत्री प्रथम रहे।

इंटरमीडिएट गणित में बॉयज विंग के प्रियांशु यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रसायन विज्ञान में पलटन शाखा के आरबी सिंह के विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय तीनों स्थान हासिल किए। जीव विज्ञान में गर्ल्स विंग की शिवानी राव, अकाउंटेंसी में पलटन शाखा के प्रिंस अग्रवाल और राजनीति विज्ञान में गर्ल्स विंग की दिव्या वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

‘चल वैजयंती’ कार्यक्रम के तहत ऑल राउंड सुपर क्लास प्रतियोगिता में बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी के प्ले ग्रुप की अध्यापिका निधि सिंह ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। पलटन शाखा में कक्षा-12, ब्वॉयज विंग में कक्षा-2ए, गर्ल्स विंग में कक्षा-9बी और डे बोर्डिंग में कक्षा-8 को प्रथम पुरस्कार मिला। संबंधित कक्षाध्यापकों को भी सम्मानित किया गया। द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को शील्ड व नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

सितंबर माह में आयोजित प्री-बोर्ड और यूनिट टेस्ट परीक्षाओं में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पांचों शाखाओं के 36 मेधावी विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों को भी कॉलेज के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज और शिक्षक मौजूद रहे।