लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा / टेलीस्कोप टुडे)। बीते दिनों हुई लगातार बारिश के चलते गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के फैजुल्लागंज इलाके में अब भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। जलभराव के कारण स्थानीय निवासियों को आवागमन समेत कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा लगातार सक्रिय हैं। वह न केवल क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, बल्कि नियमित रूप से ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित लोगों की समस्याएं भी सुन रहे हैं।

गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर से फैजुल्लागंज के दाऊद नगर और मिश्री बाग में बने बाढ़ जैसे हालात के बीच राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे विधायक डा. नीरज बोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्राउंड जीरो पर स्थिति का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएं जानीं।

प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविर में ठहरने, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है, जबकि 60 फीट रोड पर अस्थाई अस्पताल शुरू कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए ड्रोन से एंटी-लार्वा छिड़काव, घर-घर क्लोरीन की गोलियों का वितरण, नावों और एंबुलेंस की तैनाती के साथ 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

विधायक डा. नीरज बोरा ने बताया कि दाऊद नगर क्षेत्र में प्रभावित परिवारों के लिए एक सुसज्जित अस्थायी विश्राम गृह राहत शिविर स्थापित किया गया है, जहां लोगों के रहने, सोने, भोजन व स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 60 फीट रोड पर एक अस्थाई अस्पताल शुरू किया गया है, जहां प्राथमिक उपचार व जीवनरक्षक दवाओं के साथ-साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए एंटी स्नेक वेनम की भी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि जलमग्न रास्तों पर आवागमन को सुचारू रखने के लिए पर्याप्त नावों के संचालन, आपातकालीन स्थिति के लिए 24 घंटे एंबुलेंस तैनाती और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था की गई है। विधायक डा. नीरज बोरा ने प्रशासनिक व निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी जलभराव वाले क्षेत्रों में 24 घंटे अलर्ट मोड पर उपस्थित रहें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है तथा हर प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर साहिल कुमार, अधिशाषी अभियंता नज़मी मुजफ्फर, जोनल अधिकारी अजीत राय, जेडएसओ सचिन सक्सेना सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम व अन्य प्रशासनिक अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal