लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विकास नगर लखनऊ में मंगलवार को पाक्सो एक्ट संवाद तथा जनपद स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में नीरज कुमार बरनवाल (एडिशनल डिस्ट्रिक्ट व सेशंस जज) ने छात्राओं को पाक्सो एक्ट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं के सभी सवालों का जवाब देने के साथ ही उनकी सभी शंकाओं का समाधान किया।

वहीं द्वितीय सत्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत “मेरे सपनों का भारत, विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश” थीम पर जनपद स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में 41, सीनियर वर्ग में 68 तथा उच्च शिक्षण संस्थान से दो महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद क्षेत्रीय विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

विद्यालय की छात्राओं जाह्नवी व वैष्णवी ने थारू लोकनृत्य ‘झूमर’ की प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अंगवस्त्र और पौधा देकर विधायक का स्वागत किया। वहीं प्रधानाचार्य कुसुम वर्मा ने शाल व पौधा देकर विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र पांडेय का स्वागत किया।

निर्णायक मंडल में शामिल सुधा त्रिवेदी (सेवानिवृत्त कला शिक्षिका) तथा आशुतोष वर्धमान (वरिष्ठ चित्रकार) ने प्रतिभागियों द्वारा बनाये चित्रों को परखा। जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान नूर फातिमा (बाल निकुंज गर्ल्स इंटर कॉलेज), सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान वंशिका जायसवाल (भारतीय बालिका इण्टर काॅलेज) और महाविद्यालय वर्ग में प्रथम स्थान पायल (शशिभूषण महाविद्यालय) ने प्राप्त किया। विधायक ओपी श्रीवास्तव,, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र पांडेय और प्रधानाचार्य कुसुम वर्मा ने सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर और मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal