Sunday , September 27 2026

समाज के लिए योगदान देने वाली विभूतियों को मिला ‘दुर्गा स्वरूपा सम्मान’

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दुर्गा स्वरूपा फाउंडेशन द्वारा ‘दुर्गा स्वरूपा सम्मान समारोह 2026’ का आयोजन रविवार को उर्दू अकादमी, विभूति खंड, गोमती नगर में किया गया। समारोह में खेल, साहित्य, कला एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 13 विशिष्ट विभूतियों को ‘दुर्गा स्वरूपा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

समारोह का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद समाजसेविका नम्रता पाठक, विशिष्ठ अतिथि समाजसेविका बिंदु बोरा, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव तथा भाजपा नेता संतोष श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दुर्गा स्वरूपा फाउंडेशन की सचिव रागिनी श्रीवास्तव एवं अध्यक्ष प्रशांत सिंह ने अतिथियों को सम्मानित किया। 

विशिष्ठ अतिथि राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह समाज के लिए बेहद जरूरी हैं। जब कोई व्यक्ति अच्छा कार्य करता है और समाज उसकी प्रशंसा करता है तो उससे उसे आगे भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। किसी भी अच्छे कार्य की सराहना उस कार्य को और आगे बढ़ाने का माध्यम बनती है। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति और परंपरा में भी समाज में सम्मान और सकारात्मक प्रोत्साहन का विशेष महत्व रहा है। हमें हमेशा ऐसे प्रयास करने चाहिए, जिनसे लोगों में सेवा, जिम्मेदारी और समाज के प्रति योगदान की भावना मजबूत हो।

उन्होंने कहा कि बड़े बदलाव हमेशा बड़े कदमों से ही नहीं आते। कई बार छोटा-सा प्रयास भी मानवता के लिए बड़ा कदम साबित होता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार छोटे-छोटे सकारात्मक कार्य करते रहना चाहिए। यही प्रयास आगे चलकर समाज में व्यापक परिवर्तन का आधार बनते हैं।

महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि कई महिलाएं स्वयं को केवल इसलिए कम आंकती हैं, क्योंकि वे गृहिणी हैं। जबकि परिवार को संभालना और संस्कारों को आगे बढ़ाना अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में जब परिवार और सामाजिक मूल्यों के बीच संतुलन की आवश्यकता बढ़ रही है, ऐसे में गृहिणियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

समारोह में ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सुजीत कुमार श्रीवास्तव एवं दानिश मुज्तबा, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों सहित साहित्य, लोककला, रंगमंच, अभिनय और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

दुर्गा स्वरूपा सम्मान से सम्मानित होने वालों में खेल क्षेत्र से पुष्पा मिश्रा (तैराकी—राष्ट्रीय), सुजीत कुमार श्रीवास्तव (हॉकी—ओलंपियन), विमला सिंह (एथलेटिक्स—अंतरराष्ट्रीय), कु. शिवांशी जोशी (टेबल टेनिस—राष्ट्रीय) तथा दानिश मुज्तबा (हॉकी—ओलंपियन) शामिल है। वहीं साहित्य के क्षेत्र में डॉ. राम बहादुर मिश्रा (संपादक अवध ज्योति), रवीश पांडेय (कवि एवं साहित्यकार) तथा डॉ. आत्म प्रकाश मिश्रा (दूरदर्शन के संयुक्त निदेशक) और कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में कुसुम वर्मा (लोक गायिका एवं कवयित्री), शिव पूजन शुक्ल (लोक गायक एवं कवि), विनोद मिश्रा (थिएटर निर्देशक एवं पटकथा लेखक) तथा डॉ. अनीता सहगल (एंकर एवं अभिनेत्री) को सम्मानित किया गया।

समाजसेवा के क्षेत्र में ‘लेडी मोरिंगा’ के नाम से प्रसिद्ध डॉ. कामिनी सिंह को सम्मान प्रदान किया गया। वहीं समाज की सुरक्षा एवं सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा के 11 अधिकारियों एवं कर्मियों को ‘दुर्गा स्वरूपा अग्नि योद्धा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। 

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले 20 शिक्षकों को ‘गुरु सम्मान’ तथा उत्कृष्ट एवं प्रतिभाशाली 20 विद्यार्थियों को ‘छात्र वीर सम्मान’ प्रदान किया गया। इस अवसर पर शिक्षक, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे।

फाउंडेशन की सचिव रागिनी श्रीवास्तव ने कहा कि दुर्गा स्वरूपा फाउंडेशन का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के साथ-साथ उन प्रतिभाओं और व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज को दिशा और प्रेरणा दी है।

इस मौके पर रॉनी शाह, रश्मि पाठक, अब्बास रिज़वी, ट्विंकल कपूर, शताक्षी गुप्ता, विवेक बदलानी, विजय लक्ष्मी श्रीवास्तव, अक्षय अग्रवाल, राजेश तिवारी, दीप्ति अग्रवाल एवं तुषार सहित अनेक पदाधिकारी एवं सहयोगी समारोह में उपस्थित रहे।