Sunday , September 27 2026

त्रिवेणी नगर में लगा सेवा सेतु शिविर, योजनाओं का लाभ लेने उमड़े क्षेत्रवासी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रविवार को लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के त्रिवेणी नगर में आयोजित सेवा सेतु शिविर में भीड़ उमड़ी। विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में मौजूद भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प साकार होता दिखाई दे रहा है। सरकार की योजनाओं में समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने तथा महिलाओं और वंचित वर्गों के हितों का ध्यान रखा जा रहा है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह और क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने शिविर में स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं लाभार्थियों से योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में उमड़ी भीड़ और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। 

इस अवसर पर नए आयुष्मान कार्ड एवं राशन कार्ड प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित भी किया गया। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि सरकार जनता के बीच है। जहां शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नितिन मित्तल, नगर महामंत्री टिंकू सोनकर, घनश्यामदास अग्रवाल, स्थानीय पार्षद मुन्ना मिश्रा, पार्षद अवधेश त्रिपाठी, शैलेंद्र शर्मा (अटल), चंद्रशेखर गुप्ता, लवकुश त्रिवेदी, कुमकुम राजपूत एवं अनीता शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।