Saturday , September 26 2026

लोक चौपाल में बिखरी भजनों की सुरमयी छटा, प्रो. कमला श्रीवास्तव को किया नमन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लोक संस्कृति शोध संस्थान की ओर से शनिवार को गोमतीनगर के विवेक खण्ड स्थित संगीत भवन में आयोजित लोक चौपाल में भजनों और सांगीतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने गणपति आओ जी म्हारे भरी सभा में रंग बरसाओ जी सहित विभिन्न भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

चौपाल में मीहिका, अविका, आद्रिका, कर्णिका, अव्यांश, सुमन मिश्रा और विनीता सहित अन्य कलाकारों ने गीत प्रस्तुत किए। चौपाल प्रभारी अर्चना गुप्ता ने लोकप्रिय बुंदेली भजन जब जिद पर आ गई पार्वती तथा मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नैया डार दई सुनाकर खूब सराहना प्राप्त की।

इस अवसर पर कला समीक्षक डॉ. एस.के. गोपाल ने संगीत विदुषी प्रो. कमला श्रीवास्तव की जयंती के अवसर पर उनका स्मरण करते हुए उनके संगीत योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा पारित ‘कमला श्रीवास्तव मार्ग’ के शिलापट्ट का लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा। कार्यक्रम में संगीताचार्य गायत्री डेविड, निवेदिता भट्टाचार्य, तुषारकांति भट्टाचार्य, संस्थान की सचिव डॉ. सुधा द्विवेदी, दशरथ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।