लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फिल्म ‘लव लॉटरी’ के प्रमोशन के लिए सीतापुर रोड स्थित प्रॉमिनेंट मॉल में गुरुवार शाम मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में फिल्म के अभिनेता अक्षय ओबेरॉय और अग्नि अय्यारी के साथ डायरेक्टर अरविंद पांडे और प्रोड्यूसर कुलदीप भार्गव ‘तुपार’ भी मौजूद रहे।
स्टारकास्ट ने फिल्म से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा की। वहीं फैंस और दर्शकों को कलाकारों से मिलने, बातचीत करने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने का अवसर मिला।फिल्मी सितारों से आमने-सामने मुलाकात और उनके साथ बातचीत का यह मौका दर्शकों के लिए एक खास और यादगार अनुभव रहा।

सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है। कहानी और स्क्रीनप्ले अंकुर खत्री ने लिखा है। फिल्म के प्रोड्यूसर कुलदीप भार्गव ‘तुपार’ हैं। फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
निर्देशक अरविंद पांडे ने कहा, “लखनऊ हमारा गृह जनपद है और इस शहर से मेरा और पूरी टीम का एक खास भावनात्मक रिश्ता है। हमने ‘लव लॉटरी’ को पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ बनाया है। उम्मीद है कि जिस तरह का प्यार और उत्साह हमें यहां देखने को मिला है, वही प्यार दर्शकों से फिल्म की रिलीज के बाद भी मिलेगा।”
‘लव लॉटरी’ एक सस्पेंस, थ्रिलर, सोशल कमेंट्री और कोर्टरूम ड्रामा है, जो रिश्तों, शादी, भरोसे, विश्वासघात और कानूनी संघर्ष जैसे मुद्दों को एक अलग नजरिए से सामने लाती है। फिल्म में अक्षय ओबेरॉय, हेली दरुवाला, कबीर दुहन सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन, संतोष शुक्ला, विक्रम शर्मा, अग्नि अग्यारी सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal