लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मध्य कमान योग चैंपियनशिप 2026 का शुक्रवार को 11 गोरखा राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लखनऊ में सफलतापूर्वक समापन हुआ। चैंपियनशिप में मध्य कमान की विभिन्न फॉर्मेशनों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शारीरिक दक्षता, संतुलन, लचीलापन, सटीकता एवं अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में पारंपरिक योग, आर्टिस्टिक सिंगल, रिदमिक पेयर, आर्टिस्टिक पेयर, पारंपरिक ग्रुप और आर्टिस्टिक ग्रुप सहित छह स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपने कौशल, समन्वय और टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अग्निवीर कार्तिक शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

यह चैंपियनशिप भारतीय सेना द्वारा अपने सैनिकों के समग्र शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। योग शारीरिक क्षमता, लचीलापन, एकाग्रता और आंतरिक संतुलन को बढ़ाने के साथ सैनिकों में सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता एवं समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
चैंपियनशिप ने मध्य कमान की विभिन्न फॉर्मेशनों के प्रतिभागियों को अपनी योग दक्षता प्रदर्शित करने और अनुभव साझा करने के लिए एक प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान किया। साथ ही इस आयोजन ने स्वस्थ एवं अनुशासित सैन्य जीवनशैली के अभिन्न अंग के रूप में योग के महत्व को भी रेखांकित किया।
11 गोरखा राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित इस चैंपियनशिप के सफल समापन ने सैनिकों में शारीरिक उत्कृष्टता, मानसिक दृढ़ता और प्रतिकूल परिस्थितियों से जूझने की क्षमता को निरंतर विकसित करने के प्रति मध्य कमान की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal