Friday , September 25 2026

व्हीलचेयर से पहुंचे हरिशंकर, जरूरतमंदों ने सहायक उपकरण के लिए कराया पंजीकरण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से सामुदायिक केंद्र, केशव नगर में आयोजित निःशुल्क दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक सहायक उपकरण परीक्षण एवं पंजीकरण शिविर का उद्घाटन लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया। शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण और पंजीकरण किया गया।

भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की टीम ने शिविर में पहुंचने वाले दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की शारीरिक आवश्यकताओं का परीक्षण कर विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए उनका पंजीकरण किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों के साथ पहुंचे। कुल 100 जरूरतमंदों ने सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कराया।

उस्मानपुर निवासी हरिशंकर (जिनके दोनों पैर बचपन से खराब हैं) क्षेत्रीय विधायक के फेसबुक पेज के माध्यम से शिविर की जानकारी मिलने के बाद व्हीलचेयर के जरिए अपनी 13 वर्षीय बेटी हर्षिता के साथ सामुदायिक केंद्र पहुंचे। उन्होंने बैटरी चालित रिक्शा के लिए पंजीकरण कराया। उनका कहना था कि ऐसे शिविर जरूरतमंद दिव्यांगजनों के लिए काफी उपयोगी हैं और उन्हें अपनी आवश्यकतानुसार उपकरण पाने का अवसर मिलता है।

इसी तरह बक्शी का तालाब निवासी 13 वर्षीय प्राची बाजपेयी भी अपने माता-पिता के साथ शिविर में पहुंचीं। दोनों पैरों से चलने में कठिनाई के चलते उन्होंने सहायक उपकरण के लिए पंजीकरण कराया। नौबस्ता निवासी दिव्यांग सुरेंद्र शर्मा ने भी अपनी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कराया।

शिविर में पार्षद प्रियंका बाजपेयी, रश्मि सिंह, राघवराम तिवारी, मानसिंह यादव, पार्षद प्रतिनिधि अंकुश बाजपेयी, सत्यदेव सिंह, मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र मौर्य, प्रदीप शुक्ला, सतीश मिश्रा, सुनील सिंह, मीना पांडेय, विश्लेष सिंह, विनोद अवस्थी, किशोर प्रजापति, रीता सिंह, आदित्य गौड़, अनिल मिश्रा, अनीता शुक्ला, शैलेन्द्र स्वर्णकार, मनीष बाजपेयी और गौरव अवस्थी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।