Thursday , September 24 2026

इंदिरा नगर में श्रमिक पंजीयन एवं जागरूकता शिविर, 12 के बने लेबर कार्ड

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्रम विभाग लखनऊ एवं विज्ञान फाउंडेशन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सी ब्लॉक इंदिरा नगर लेबर अड्डे पर श्रमिक पंजीयन एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विज्ञान फाउंडेशन एवं श्रम विभाग की टीम ने लेबर अड्डे पर खड़े निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया। साथ ही श्रमिकों के मोबाइल में यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप डाउनलोड करवाया गया तथा इसके महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

शिविर के दौरान श्रम विभाग से श्रम प्रवर्तन अधिकारी शरद यादव एवं राकेश कुमार पाल उपस्थित रहे। शरद यादव ने बताया कि यह अभियान एक महीने तक लखनऊ के विभिन्न लेबर अड्डों पर संचालित किया जाएगा। जिन श्रमिक साथियों का लेबर कार्ड नहीं बना है, वे शिविर के दौरान बनवा सकते हैं। इसके लिए श्रमिक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उसे निर्माण श्रमिक के रूप में पिछले एक वर्ष में 90 दिन से अधिक कार्य किया होना चाहिए।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी राकेश कुमार पाल ने बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को बताया कि पंजीकरण कराने के बाद उन्हें कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकता है। सी ब्लॉक लेबर अड्डे पर आयोजित शिविर में 12 श्रमिकों के लेबर कार्ड बनाए गए तथा 15 श्रमिकों के मोबाइल पर डिजिटल लेबर चौक ऐप डाउनलोड करवाया गया।

विज्ञान फाउंडेशन द्वारा संचालित इंडिया लेबर लाइन के गुरुप्रसाद ने कहा कि जब तक श्रमिक अपना पंजीयन नहीं करवाते, तब तक सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ मिल पाना मुश्किल है। उन्होंने इंडिया लेबर लाइन की हेल्पलाइन 18008339020 की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी।