लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लोक संस्कृति शोध संस्थान की मासिक श्रृंखला के अंतर्गत शनिवार को दादी-नानी की कहानी, जीतेश की ज़ुबानी कार्यक्रम का 87वाँ आयोजन अर्जुनगंज स्थित महामना सरस्वती शिशु मंदिर में हुआ। कहानी के माध्यम से बच्चों को लालच और छल से दूर रहने, जरूरतमंदों की मदद करने तथा प्रकृति एवं जीव-जंतुओं से प्रेम करने की सीख दी गई। साथ ही अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर स्टोरीमैन जीतेश श्रीवास्तव ने लालची सेठ और पीपल का भूत कहानी सुनाई। कहानी में गरीब किसान किशन की झोपड़ी धोखे से हड़पने का प्रयास करने वाले लालची सेठ को पीपल के पेड़ पर रहने वाला भूत सबक सिखाता है। किशन की जीव-जंतुओं के प्रति दया और प्रकृति के प्रति प्रेम से प्रभावित भूत उसकी सहायता करता है।

प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि कहानियाँ बच्चों के मन-मस्तिष्क पर सकारात्मक प्रभाव डालती हैं। इनके माध्यम से बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास होता है तथा उनकी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता को विस्तार मिलता है।
कार्यक्रम में संस्थान की सचिव डॉ. सुधा द्विवेदी, लोक चौपाल प्रभारी अर्चना गुप्ता, डॉ. एस.के.गोपाल तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चन्द्र पाण्डेय के साथ ही शशिकान्त, सपना, अपर्णा, विनीता मिश्रा, नीतू सिंह, शिखा, निशा, ज्योति शुक्ला, सुमन तिवारी, प्रगति बाजपेयी, दिव्यांश, देवांक सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal