लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से डालीगंज स्थित मानस मंदिर में परीक्षण एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बतौर मुख्य अतिथि लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा उपस्थित रहे।
स्व. डी पी बोरा के स्मृति में आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कराया। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की टीम द्वारा पुनर्वास विशेषज्ञ, ऑडियोलॉजिस्ट, ऑप्टोमेट्रिस्ट एवं डेंटल टेक्नीशियन की सहायता से लाभार्थियों का परीक्षण किया गया।

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कृत्रिम दांत (डेंचर), कान की मशीन, घुटने की बेल्ट एवं कमर बेल्ट सहित विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए परीक्षण किया गया। वहीं दिव्यांगजनों ने ट्राईसाइकिल, बैसाखी, कान की मशीन, वॉकर एवं व्हीलचेयर के लिए अपनी आवश्यकता दर्ज कराई। शिविर में 35 दिव्यांगजनों एवं 40 वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 75 लोगों का सहायक उपकरणों के लिए परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।शिविर में पार्षद प्रतिनिधि सुदर्शन कटियार, मंडल अध्यक्ष रमन निगम, चंद्रशेखर गुप्ता, कृपा शंकर मिश्रा, सोनू जायसवाल, अनुराग साहू, माला निगम, अनिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय निवासी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal