लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के जानकीपुरम में स्थित नवनिर्मित सामुदायिक केंद्र में ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां क्षेत्रवासियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लोगों का पंजीकरण भी किया गया।

शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं को लेकर लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) के तहत चिकनकारी कार्य के लिए दुबग्गा निवासी सनी वर्मा को ऋण के रूप में 32 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत डेयरी व्यवसाय के लिए जानकीपुरम निवासी मनजीत सिंह यादव को 4,37,500 रुपये का चेक प्रदान किया गया।

अति विशिष्ट अतिथि एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विभिन्न पदों पर रहते हुए उनके 25 वर्षों के सेवा काल को लेकर उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा माह के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के साथ विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका महा जनसेवक के रूप में है। प्रधानमंत्री का मानना है कि ‘सेवा ही संगठन है’। इसी भावना के साथ पार्टी एवं कार्यकर्ता आम जनमानस से जुड़कर पूरे एक माह सेवा का कार्य करेंगे।

क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि सेवा सेतु शिविर में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया गया। सभी विभागों के स्टॉलों पर अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और लोगों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के अनुसार निराकरण किया।
शिविर में नगर निगम, जलकल, सेवायोजन, आयुष्मान कार्ड, निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली विभाग, दिव्यांगजन विभाग, वोटर कार्ड, उद्योग विभाग, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।

शिविर में उ.प्र. सहकारी ग्राम्य विकास बैंक के सभापति एवं सेवा सेतु शिविर लखनऊ महानगर के संयोजक विवेक सिंह तोमर, नगर महामंत्री टिंकू सोनकर, महानगर उपाध्यक्ष सौरभ वाल्मीकि, पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, शिविर संयोजक राजकुमारी मौर्य (पार्षद), कृपा शंकर मिश्रा, संजय तिवारी, मयंक मिश्रा, शशि लोधी, रामप्रकाश रावत, सुशील सिंह, सर्वेश सिंह, राकेश सिंह, राकेश पांडे, कैलाश यादव, अरविंद राजपूत, सागर सक्सेना, सनी दीक्षित, आशुतोष सिंह, रामानुज तिवारी, दिव्यांशी शुक्ला एवं आलोक सिंह समेत पार्टी कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय निवासी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal