गोरखपुर टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नॉर्थ ईस्ट रेलवे की क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति की 112 वीं बैठक का आयोजन गोरखपुर में किया गया। बैठक में रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ महाप्रबंधक, उपमहाप्रबंधक सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में रेलवे विशेष हितों का प्रतिनिधित्व करते हुए रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य राम बहादुर सिंह ने प्रतिभाग किया। उन्होंने अपने गृह जनपद मऊ एवं विकासखंड रतनपुरा से जुड़ी रेलवे संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
राम बहादुर सिंह ने रतनपुरा रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्र की समस्याओं को बैठक में रखते हुए दिव्यांगजनों के लिए रैंप निर्माण, रतनपुरा रेलवे स्टेशन पर दिल्ली एवं कोलकाता के लिए जाने वाली ट्रेनों के ठहराव, तथा रतनपुरा स्थित 23 नंबर अंडरपास के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अंडरपास के सुचारु संचालन से कई गांवों के हजारो लोगों का आवागमन सुगम हो सकेगा।
इसके अलावा उन्होंने रेलवे स्टेशन पर पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा पुरुषों और महिलाओं के लिए सुलभ एवं स्वच्छ शौचालयों के निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक के दौरान नॉर्थ ईस्ट रेलवे के महाप्रबंधक ने राम बहादुर सिंह द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और इन समस्याओं का जल्द से जल्द पूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal