Monday , September 14 2026

नारी शिक्षा निकेतन में हिन्दी की वैश्विक संभावनाओं पर मंथन, हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नारी शिक्षा निकेतन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखनऊ में प्रबंधक नीरज पाठक के संरक्षण एवं प्राचार्या प्रो. सुनीता कुमार के निर्देशन में हिन्दी विभाग द्वारा राष्ट्रीय हिन्दी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रो. अनुराधा तिवारी उपस्थित रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शुभारंभ अवसर पर हिन्दी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. इंदु कनौजिया ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम को साहित्यिक गरिमा प्रदान की। प्राचीन भारतीय इतिहास विभाग की प्रो. सुनीता द्वारा प्रो. इंदु कनौजिया की स्वरचित ग़ज़ल प्रस्तुत की गई। प्राचार्या प्रो. सुनीता कुमार ने अपने आशीर्वचन एवं प्रेरणादायी उद्बोधन द्वारा छात्राओं का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने हिन्दी भाषा एवं साहित्य से संबंधित विभिन्न प्रस्तुतियाँ दी। नीलम ने हिन्दी दिवस के संदर्भ में अपने विचार प्रस्तुत किए। तसनीम ने हिन्दी दिवस पर व्यंग्यात्मक कविता प्रस्तुत की, जबकि अनामिका ने विदेशों में हिन्दी की स्थिति पर अपने विचार व्यक्त किए। रिशा ने हिन्दी दिवस पर व्यंग्यात्मक लेख प्रस्तुत किया।

अर्शिया ने सूरदास के पदों को गेय शैली में प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर किया। इसके अतिरिक्त अन्य छात्राओं द्वारा भी हिन्दी भाषा एवं साहित्य से संबंधित विभिन्न प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम को मनोरंजक एवं रोचक बनाने के लिए अमीर खुसरो की पहेलियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

मुख्य अतिथि प्रो. अनुराधा तिवारी ने अपने उद्बोधन में हिन्दी भाषा की वैश्विक स्थिति, व्यापकता एवं संभावनाओं पर महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए। उन्होंने हिन्दी को समृद्ध, सशक्त एवं विश्वस्तरीय भाषा के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

हिन्दी विभाग की डॉ. अन्तिमा चौधरी ने हिन्दी भाषा से संबंधित महत्वपूर्ण विचार साझा करते हुए हिन्दी के वर्तमान स्वरूप, उसकी उपयोगिता तथा वैश्विक परिदृश्य में उसकी बढ़ती प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रश्मि वर्मा (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर), द्वितीय स्थान कोमल राज (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर), तृतीय स्थान रिषा गौर (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) ने प्राप्त किया। जबकि पोस्टर प्रतियोगिता सय्यदा मारिया (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम, नैन्सी पाल ने द्वितीय, साजिया (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ प्रवक्ताओं की उपस्थिति रही। लगभग 100 छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एम.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा श्रद्धा यादव ने किया। अंत में हिन्दी विभाग की नेहा निषाद ने मुख्य अतिथि, प्राचार्या, प्रबंधक, समस्त शिक्षकगण एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. इंदु कनौजिया, डॉ. अन्तिमा चौधरी एवं नेहा निषाद के समन्वय एवं सहयोग से राष्ट्रीय हिन्दी दिवस समारोह सफलतापूर्वक एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।