Sunday , September 13 2026

हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर दिखा प्रकृति में गणेश का अद्भुत रूप


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) द्वारा हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर फोटोग्राफर पुनीत कात्यायन की एकल फोटो प्रदर्शनी ‘द नेचुरल फॉर्म्स ऑफ गणेशा’ का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने किया। इसके क्यूरेटर भूपेंद्र अस्थाना हैं।

प्रदर्शनी में 20 तस्वीरों के माध्यम से पेड़ों की छाल, तनों, पत्थरों और अन्य प्राकृतिक सतहों पर स्वाभाविक रूप से उभरते भगवान गणेश के स्वरूपों को प्रस्तुत किया गया है। इन तस्वीरों में किसी प्रकार का कृत्रिम हस्तक्षेप नहीं किया गया है। पुनीत कात्यायन पिछले 15 वर्षों से प्रकृति, आध्यात्मिकता और विजुअल स्टोरीटेलिंग के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर एमडी सुशील कुमार ने कहाकि UPMRC मेट्रो परिसरों को केवल आवागमन का माध्यम ही नहीं, बल्कि कला और संस्कृति से जुड़ने वाले मंच के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

प्रदर्शनी में कलाकारों, फोटोग्राफरों, विद्यार्थियों, कला प्रेमियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह प्रदर्शनी 17 सितंबर 2026 तक हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर आम जनता के लिए खुली रहेगी।