Friday , September 11 2026

नवोदय की गुरु-शिष्य परंपरा को समर्पित होगा द्वितीय सम्मान समारोह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नवोदय परिवार द्वारा आयोजित द्वितीय नवोदय विद्यालय सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मचारी सम्मान समारोह–2026 का आयोजन 13 सितम्बर को होगा।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि होटल डैमसन प्लम, सुशांत गोल्फ सिटी में आयोजित होने वाले इस समारोह में देशभर के नवोदय विद्यालयों से जुड़े 200 से अधिक सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर, असिस्टेंट कमिश्नर, प्राचार्य, पीजीटी-टीजीटी शिक्षक एवं कर्मचारीगण को सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे 300 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं के भी शामिल होने की संभावना है। इनमें प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, अभियंत्रण, सामाजिक सेवा, व्यवसाय तथा कला-साहित्य सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक पूर्व नवोदयन शामिल हैं।

प्रमुख रूप से प्रेम कुमार गौतम (आईजी, एटीएस, उत्तर प्रदेश), रणवीर प्रसाद (आईएएस, प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग), सूर्यपाल गंगवार (आईएएस, सचिव, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश), राजशेखर रेड्डी (आईएएस, सचिव, योजना विभाग), बबलू कुमार (आईपीएस, डीआईजी/ज्वाइंट कमिश्नर, लॉ एंड ऑर्डर, लखनऊ), प्रशांत कुमार (आईएएस, आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता विभाग), रईस अख्तर (आईपीएस), जग प्रवेश (आईएएस, विशेष सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग), विजय कुमार (विशेष सचिव, कार्मिक विभाग, उत्तर प्रदेश), अमोल मुकुट (आईपीएस, एडीसीपी, पूर्वी जोन, लखनऊ), विकास पांडेय (एसीपी, बीकेटी), अनिल सागर (एसडीएम, बाराबंकी), जयप्रकाश सिंह (तहसीलदार, सदर लखनऊ), राघवेंद्र त्रिपाठी (तहसीलदार, शाहजहांपुर), शालिनी तिवारी (तहसीलदार, रायबरेली), डॉ. वीरेंद्र प्रसाद (केजीएमयू), रविंद्र देव उपाध्याय (वाइस प्रेसिडेंट, मार्केटिंग, पेप्सिको, उत्तर प्रदेश), डॉ. मधुसूदन मिश्रा (सहायक प्रोफेसर, ऑर्थोपेडिक डिपार्टमेंट, केजीएमयू), श्रीकांत मिश्रा (निदेशक, अमरावती ग्रुप, लखनऊ), सीताराम नारोलिया (अध्यक्ष, नवोदय फैमिली वर्ल्डवाइड), विवेक तिवारी (प्रबंध निदेशक, सत्या माइक्रोफाइनेंस कैपिटल लिमिटेड), अरविन्द कुमार (नवोदयन ग्रोथ प्राइवेट लिमिटेड), जेपी सिंह (तहसीलदार), संजीव (मोमेंटम कोचिंग), कमलेश, भूपेंद्र मिश्रा, रंजन चतुर्वेदी, रामा साहू, नईम, पुष्पेंद्र, राजीव द्विवेदी, राज प्रताप सिंह सहित अनेक अन्य गणमान्य पूर्व छात्रों को आमंत्रित किया गया है।

आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि नवोदय विद्यालय की सात वर्षों की पूर्णतः निःशुल्क आवासीय शिक्षा व्यवस्था केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है। अनुशासित जीवनशैली, सामूहिकता, आपसी पारिवारिक संबंध और गुरुजनों के मार्गदर्शन से यहाँ विद्यार्थियों का सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण होता है। यही कारण है कि नवोदय के पूर्व छात्र आज देश ही नहीं, बल्कि विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे हैं।

समारोह का मुख्य उद्देश्य उन गुरुजनों एवं कर्मचारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और उन्हें सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने ज्ञान, संस्कार, अनुशासन, स्नेह और मार्गदर्शन से हजारों विद्यार्थियों के जीवन को दिशा दी। यह आयोजन नवोदय की उस गुरु-शिष्य परंपरा और आत्मीय पारिवारिक भावना को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है, जो नवोदय परिवार को देश के अन्य शैक्षणिक संस्थानों से विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।

प्रेस वार्ता में नवोदय परिवार के सदस्य वेद प्रकाश राय, अनिल दीप आनंद, प्रज्ञा पांडेय, श्रीकांत मिश्रा, प्रो. राजश्री पांडेय, हरिशंकर गुप्ता, अवनीश चौबे, डॉ. नित्या वर्मा, डॉ. अनुराग मिश्रा सहित अनेक पूर्ववर्ती छात्र उपस्थित रहे।