लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जैपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लखनऊ के जैपुरिया इनक्यूबेशन फाउंडेशन द्वारा 9 एवं 10 सितंबर 2026 को दो दिवसीय एंटरप्रेन्योरशिप – फेस्ट 2026 (E-Fest 2026 ) का आयोजन किया गया। मेक आइडियाज़ हैपेन थीम पर आधारित इस आयोजन में विद्यार्थियों, उद्यमियों, फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्यों ने हिस्सा लिया। फेस्ट के दौरान फाउंडर्स के साथ संवाद, विभिन्न प्रतियोगिताओं और अनुभवात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता, नवाचार एवं समस्या-समाधान की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिला।
फेस्ट के पहले दिन का शुभारंभ उद्घाटन एवं दीप प्रज्वलन समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. सुषमा विष्नानी (डायरेक्टर, जैपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लखनऊ) तथा डॉ. ज्योति दीवान (चेयर, जैपुरिया इनक्यूबेशन फाउंडेशन) की उपस्थित रहीं। इसके पश्चात निंबलक्यू के फाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मधुकर वर्शनी तथा लखनऊ फार्मर्स मार्केट की सीईओ ज्योत्सना कौर हबीबुल्लाह के साथ फाउंडर इंटरैक्शन एवं पैनल चर्चा आयोजित की गई। जिसका संचालन डॉ. ज्योति दीवान ने किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. सुषमा विष्नानी ने अनुभवात्मक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “यह केवल विश्लेषण करने से आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेने की बात है। केस स्टडी आपको पीछे मुड़कर निर्णयों का विश्लेषण करने का अवसर देती है। लेकिन इस तरह का फेस्ट आपको वास्तविक समय में निर्णय लेने और कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।”
अपने उद्यमशील सफर को साझा करते हुए ज्योत्सना कौर हबीबुल्लाह ने उत्पादकों और उपभोक्ताओं के बीच सार्थक जुड़ाव स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम किसानों, कारीगरों और स्टार्टअप्स को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम उपलब्ध कराने में सक्षम हैं।
वहीं मधुकर वर्शनी ने उद्यमिता को केवल स्टार्टअप शुरू करने तक सीमित न मानते हुए इसे एक सोच बताया। उन्होंने कहा, “उद्यमिता के लिए स्टार्टअप शुरू करना जरूरी है—यह धारणा सही नहीं है। उद्यमिता मूल रूप से एक माइंडसेट है।”
दूसरे दिन भी ई-फेस्ट का उत्साह जारी रहा। विद्यार्थियों ने Operation Unicorn, InstaPreneur, Hackathon Finale और Corporate Ramp Walk जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, व्यावसायिक सोच, टीमवर्क और समस्या-समाधान क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों ने विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक समाधानों में परिवर्तित करने तथा सहयोगात्मक एवं प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
E-Fest 2026 जैपुरिया इनक्यूबेशन फाउंडेशन की विद्यार्थियों में उद्यमशील सोच विकसित करने और उन्हें अपने विचारों को वास्तविक कार्य में परिवर्तित करने के लिए अनुभवात्मक मंच उपलब्ध कराने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। फाउंडर्स के साथ संवाद, व्यावहारिक गतिविधियों और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड एक्सपोजर के माध्यम से इस दो दिवसीय आयोजन ने विद्यार्थियों को कक्षा से आगे बढ़कर उद्यमिता को समझने और अनुभव करने का अवसर प्रदान किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal