Thursday , August 27 2026

विकास कार्यों में देरी पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम, जलकल विभाग, जल निगम एवं उद्यान विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति को लेकर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सीतापुर रोड स्थित सेवा परिसर में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में नई सीवर लाइन, नाले-नालियों का निर्माण, सीवर चोक एवं सफाई, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता अभियान तथा पार्कों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक में विधायक डॉ. नीरज बोरा द्वारा रखे गए बिंदुओं पर चर्चा के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि क्षेत्र में जहां-जहां सड़कों पर गड्ढे हैं, उनको चिन्हित किया जाए। बरसात बाद गड्ढों को भरकर सड़कें गड्ढामुक्त की जाएं। नाले एवं नालियों के निर्माण कार्य को विभाग द्वारा निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने नई सीवर लाइन बिछाने के कार्य को एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

विधायक ने दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जिन कॉलोनियों में इस तरह की शिकायतें हैं, वहां तत्काल निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराया जाए और लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

जलकल विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड के  ईडब्लूएस पॉकेट, जय शंकर प्रसाद वार्ड के पुरनिया गांव, फैजुल्लागंज में नयापुरवा, अलीगंज में बनारसी टोला, जानकीपुरम स्थित जानकी विहार, सरस्वतीपुरम सहित जिन क्षेत्रों में सीवर चोक की शिकायतें हैं, अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 15 दिन के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सीवेज पंपिंग स्टेशनों की व्यवस्थाओं में लापरवाही को लेकर भी विधायक ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

बैठक में विधायक ने पिछली समीक्षा बैठक में तय किए गए एजेंडे के अनुरूप कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। विकास कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि एक माह के भीतर निर्धारित कार्य पूरे नहीं हुए तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

जलकल विभाग द्वारा सीवर की साफ-सफाई के लिए अधिकृत सुएज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों को भी विधायक ने सीवर सफाई व्यवस्था में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। वहीं, लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) के अधिकारियों को कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता, अधिशासी अभियंता जोन-3 नजमी मुजफ्फर, अधिशासी अभियंता जोन-6 अशोक कुमार यादव, जोनल अधिकारी अजीत राय, उद्यान अधीक्षक जोन-3 गंगाराम गौतम, उद्यान अधीक्षक जोन-6 शशिकांत सहित सुएज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) के अधिकारी मौजूद रहे।