Thursday , August 27 2026

प्रतिभा प्रदर्शन में छात्राओं ने दिया संस्कृति और संस्कारों का संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव -4 के अंतर्गत जानकीपुरम स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में हुये प्रतिभा प्रदर्शन कार्यक्रम में छात्राओं ने भारतीय संस्कृति और संस्कार से प्रेरित अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जनविकास महासभा के अध्यक्ष एवं सोक्ट के महासचिव पंकज तिवारी ने कार्यशाला के दौरान कहा कि बेटियाँ भारत की संस्कृति और संस्कार के साथ मजबूत राष्ट्र निर्माण में भारत की मजबूत आधारशिला हैं। इसलिए बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने में संपूर्ण समाज को प्रयास करना चाहिये।

प्रधानाचार्या सुधा तिवारी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुये कहा कि विद्यालय की छात्राओं को संयुक्त परिवार के महत्व बताने के साथ साथ उनके दादा-दादी, नाना-नानी को भी विद्यालय में आमंत्रित किया जाता है। जिससे बच्चे अपने परिवार के संस्कारों की जड़ो से सदैव जुड़े रहे।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का ना केवल सर्वागीण विकास होता है वरन उनके अन्दर पढ़ाई के दौरान होने वाला तनाव भी कम होता है।

इस अवसर पर विद्यालय की झरना यादव ने स्वरचित कविता – आओ विद्यार्थियों मिलकर एक उत्सव मनाए, अपनी प्रतिभा से अपनी पहचान बनाए, ये मंच  मिला है तो कुछ करके दिखाए, जग में अपना नाम कमाए। सुरों  से सुर मिलाकर कुछ गीत सजाये, अपनी प्रतिभा से अपनी  पहचान बनाए। कुछ करके दिखाने का,ये समय कभी ना गंवाये, अपनी प्रतिभा से अपनी पहचान बनायें प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में जनविकास महासभा के अध्यक्ष एवं सोक्ट के महासचिव पंकज तिवारी व परी पुस्तक केन्द्र के प्रमुख एवं जनविकास महासभा के महामंत्री अजय यादव, संगठन मंत्री दिव्या शुक्ला, सोक्ट की कोषाध्यक्ष जूही सहित विद्यालय की रिचा गोस्वामी, स्नेहा दीक्षित, रमा बाजपेई, स्मृति बिसारिया, निधि रॉय, झरना यादव सहित काफी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। अंत में सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण तथा नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया गया।