लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय शिक्षा समिति उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित प्रतिभा अलंकरण समारोह में जिला व प्रदेश सूची में टाॅप टेन के विद्यार्थियों तथा विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक व खेल-कूद की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त किये हुए भैया-बहनों को सम्मानित किया गया।

सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-क्यू, अलीगंज में आयोजित समारोह का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र, विशिष्ठ अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचन्द्र, कार्यक्रम के अध्यक्ष डाॅ0 विक्रम सिंह (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डाॅ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान) ने दीप प्रज्जवलित कर किया।


छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना “हे हंस वाहिनी…” पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। बाल वर्ग की छात्राओं ने “वंदे मातरम्…” पर समूह नृत्य की प्रस्तुति से देशभक्ति की अलख जगाई। वहीं किशोर वर्ग की छात्राओं ने “आया सावन बड़ा मनभावन…” पर लोकनृत्य की सामूहिक प्रस्तुति से सावन की छटा बिखेरी।

प्रदेश निरीक्षक, अवध प्रांत रामजी सिंह ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी मेधा और प्रतिभा को पहचानने, उसे प्रदर्शित करने तथा प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अभी अपने जीवन की प्रारंभिक अवस्था में हैं और विभिन्न क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें जीवन की सकारात्मक दिशा से जोड़कर उच्च मनोबल के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। प्रतिभा अलंकरण समारोह इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

रामजी सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है। यह उन्हें जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करता है और उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करता है। अतिथियों विभिन्न राष्ट्रीय व प्रान्तीय प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त किए 153 मेधावियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

सी0बी0एस0ई0 बोर्ड परीक्षा में प्रभात चौरसिया (गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर रायबरेली) 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सम्मान के भागीदार बनें। शौर्य चक्रवर्ती (लखीमपुर खीरी) ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 98.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। विषयशः भौतिक, रसायन, गणित, अंग्रेजी, कम्प्यूटर विषयों में शत प्रतिशत अंक पाने वाले मेधावियों को भी सम्मानित किया गया।

माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल परीक्षा की टाॅप टेन सूची में प्रेम प्रजापति (अम्बेडकरनगर), खुशी (अम्बेडकरनगर), सर्वेश मिश्रा (ऊँचाहार, रायबरेली), नैतिक पाण्डेय (आनन्दी देवी सीतापुर) को भी अतिथियों ने पुरस्कृत किया।
आयोजक विद्यालय के प्रबन्धक अभिनव भार्गव, कोषाध्यक्ष केआर कनोजिया, प्रधानाचार्य संतोष सिंह सहित सम्बन्धित विद्यालयों के प्रबन्धक, प्रधानाचार्य भारतीय शिक्षा समिति के अधिकारी तथा राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के विभाग प्रचारक अनिल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व आचार्य उपस्थित रहें।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal