लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर गर्ल्स विंग में शनिवार को आयोजित कार्टून कला कार्यशाला में कक्षा 9 और 10 की छात्राओं ने कार्टून बनाने की कला के विभिन्न पहलुओं को सीखा।


कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक कार्टूनिस्ट एवं कवि हरि मोहन बाजपेयी ‘माधव’ ने छात्राओं को कार्टून बनाने की सरल एवं प्रभावी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि वास्तविक घटनाओं और परिस्थितियों को मनोवैज्ञानिक कल्पना के साथ जोड़कर किस प्रकार सटीक एवं प्रभावशाली कार्टून के माध्यम से किसी विचार या घटना को लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने सबसे पहले राजनीति से जुड़ी एक घटना के संदर्भ में नेताजी का कार्टून बनाकर परिस्थितियों को चित्र के माध्यम से व्यक्त करने की कला समझाई। इसके बाद पांच व्यक्तियों का कार्टून बनाकर उनके हाव-भाव और वेशभूषा के आधार पर संभावित परिस्थितियों को समझने का तरीका बताया। उन्होंने बकरी का चित्र बनाकर उसके हाव-भाव के माध्यम से भय और भागने की स्थिति को दर्शाते हुए समझाया कि कार्टून में भावनाओं और परिस्थितियों को किस तरह प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाता है।


हरि मोहन बाजपेयी ने छात्राओं को समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाले कार्टूनों की कार्यप्रणाली और कार्टूनिस्ट के पेशे के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित कार्टून के माध्यम से कई बार गंभीर सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को सरल एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाता है। इस क्षेत्र में प्रतिभा रखने वाले युवाओं के लिए करियर की अच्छी संभावनाएं हैं और उन्हें आर्थिक लाभ के साथ समाज में सम्मान भी मिलता है।

कार्यशाला में छात्राओं ने कार्टून कला के प्रति उत्साह दिखाया और प्रशिक्षक से विभिन्न तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल, प्रधानाचार्या भगवती भंडारी, इंचार्ज एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal