Saturday , August 22 2026

नाट्य मंचन से छात्रों ने पूछा- स्वच्छता की बात करते हैं, फिर गंदगी क्यों?

विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव के अंतर्गत एसपीजी एकेडमी में हुआ कार्यक्रम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जनविकास महासभा एवं सामाजिक संस्था सोसायटी ऑफ कॅरियर टेक्नोलाॅजी (सोक्ट) के तत्वावधान में संयुक्त रूप से विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत शनिवार को अटल चौराहा जानकीपुरम विस्तार स्थित एसपीजी एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम में स्टूडेंट्स को प्रतिभा के प्रदर्शन के प्रति प्रेरित किया गया। 

इस मौके पर स्टूडेंट्स ने अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन करने के साथ ही नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान के आचरण को अपने दिलों में उतारने का संदेश दिया। प्रस्तुति के माध्यम से स्टूडेंट्स ने सवाल उठाया कि “जिस स्वच्छता के लिए हम हर साल आवाज उठाते हैं, बाहर उसी की गंदगी क्यों दिखाई देती है? अगर हम अपने देश को स्वच्छ नहीं रख सकते, तो केवल ‘सच्चे देशप्रेम’ के स्टेटस लगाने से क्या होगा?” 

स्टूडेंट्स ने संदेश दिया कि”देश को स्वच्छ बनाना है, तो अपने व्यवहार और जिम्मेदारी से बनाइए। इसे फूलों से नहीं, अपने अच्छे आचरण से सजाइए। हर घर और हर मन को स्वच्छता का हिस्सा बनाइए। अधिकारों की बात तो याद है, लेकिन क्या अपने कर्तव्यों को भूल गए? आइए, स्वच्छ भारत का संकल्प केवल शब्दों में नहीं, अपने कर्मों में भी उतारें।”

इसके अलावा स्टूडेंट्स ने देशभक्ति गीतों पर समूह नृत्य की धमाकेदार प्रस्तुति दी। साथ ही एकल नृत्य की प्रस्तुति से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं समानता और संकल्प, देश की आजादी सोंच की आजादी, मोबाईल की लत छोड़ो, डिजिटल गुलामी और अफवाहें, अफवाहों से बचें जैसे स्लोगनों के माध्यम से बिना सोचें बिना समझे किसी भी खबर को सोशल मीडिया पर वायरल न करने और अफवाहों से बचने की सलाह दी। स्टूडेंट्स ने संदेश दिया कि जब तक सोच में बराबरी नहीं आएगी तब तक देश की आजादी अधूरी कहलाएगी।

इस मौके पर विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव के प्रमुख पंकज कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को बताया कि तनावमुक्त शिक्षा के साथ सफल जीवन जीने के लिये वर्तमान समय में हम सभी को अपनी प्रतिभा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। क्योंकि जो विद्यार्थी अपने टैलेंट के अनुरूप अपने कॅरियर का चुनाव करते हैं उनके जीवन में सफल होने का प्रतिशत ज्यादा होता है। इसलिए विद्यार्थियों को चाहिए की पढ़ाई के साथ-साथ अपने अंदर के टैलेंट को भी आगे बढ़ाएं। 

इसी क्रम में कार्यशाला में शामिल हुए बच्चों को उनके अंदर की प्रतिभा को बताने के लिए प्रेरित किया गया जिसमें बच्चों ने बढ़-चल के हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण तथा नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया गया।

इस मौके पर एसपीजी एकेडमी के प्रबंधक डॉ. एस.पी. यादव, प्रधानाचार्या गायत्री यादव, सोक्ट के महामंत्री व जनविकास महासभा के अध्यक्ष पंकज तिवारी, महासचिव व परी पुस्तक केन्द्र के प्रमुख अजय यादव सहित एकेडमी से जुड़े अन्य लोगों में एसके श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, अमिता दुबे, चांदनी द्विवेदी, लीजा व पूनम आदि प्रमुख लोग मौजूद थे।