Monday , August 17 2026

बाल निकुंज : अंतर्शाखीय नृत्य प्रतियोगिता में स्टूडेंट्स ने बिखेरा देशभक्ति का रंग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की सभी शाखाओं में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। सुबह आठ बजे सभी शाखाओं में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम और आजादी की उमंग से भर दिया।

बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी अलीगंज मुख्य शाखा में प्रधानाचार्या डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पलटन छावनी शाखा में प्रधानाचार्या रश्मि शुक्ला ने तिरंगा फहराया और बच्चों व अभिभावकों को मिष्ठान वितरित किया। 

बाल निकुंज इंटर कॉलेज के मोहिबुल्लापुर ब्वॉयज विंग में प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को आजादी की बधाई दी तथा मिष्ठान वितरण कराया। वहीं गर्ल्स विंग में प्रधानाचार्या भगवती भंडारी और बाल निकुंज विद्यालय डे बोर्डिंग में प्रधानाचार्या पूर्णिमा सिंह ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

वहीं बाल निकुंज इंटर कॉलेज गर्ल्स विंग स्थित शिव सहाय जी सभागार में चारों शाखाओं की अंतर्शाखीय नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। जूनियर वर्ग की कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 28 नृत्य समूहों के 421 विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता कक्षावार तीन समूहों में आयोजित की गई।

कक्षा छह में डे बोर्डिंग प्रथम

कक्षा छह की प्रतियोगिता में 10 नृत्य समूहों ने प्रतिभाग किया। इसमें डे बोर्डिंग शाखा ने ‘इंकलाब ही दिखेगा’ गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। ब्वॉयज विंग ने ‘पगड़ी संभाल जट्टा’ पर प्रस्तुति के साथ द्वितीय तथा गर्ल्स विंग ने ‘तेरी मिट्टी में मिल जावां’ की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर तृतीय स्थान हासिल किया।

कक्षा सात में गर्ल्स विंग का जलवा

कक्षा सात में नौ नृत्य मंडलियों ने प्रतिभाग किया। गर्ल्स विंग ने ‘भारत ये रहना’ की मनमोहक प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। डे बोर्डिंग शाखा ‘कंधों से मिलते कंधे’ पर प्रस्तुति के साथ द्वितीय तथा बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पलटन छावनी शाखा ‘जलवा जलवा’ की शानदार प्रस्तुति के साथ तृतीय स्थान पर रही।

कक्षा आठ में भी गर्ल्स विंग अव्वल

कक्षा आठ की प्रतियोगिता में भी नौ नृत्य मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। गर्ल्स विंग ने ‘ये जो देश है’ की सुंदर प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी अलीगंज शाखा ने ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा’ पर प्रस्तुति देकर द्वितीय तथा ब्वॉयज विंग ने ‘वंदे मातरम्’ पर प्रस्तुति देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के समापन पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कार, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अन्य प्रतिभागियों को भी विभिन्न पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक अयाज खान को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल के साथ चेयरमैन आयूष जायसवाल, सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।