Saturday , August 15 2026

DDU : राष्ट्रप्रेम के संकल्प संग मना स्वतंत्रता दिवस, स्वदेशी रक्षा शक्ति के मॉडल बने आकर्षण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम, में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रप्रेम, उल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने स्वाधीनता संग्राम के अमर सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण कर किया। जिसके पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान ने समूचे परिसर को राष्ट्रगौरव की भावना से अनुप्राणित कर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. विशाल वर्मा ने किया। समारोहक प्रो. डॉ. रीता अग्निहोत्री ने निदेशक, उच्च शिक्षा द्वारा प्रेषित स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन कर उसे उपस्थित जनसमुदाय के समक्ष प्रस्तुत किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विचार और संस्कृति का सुंदर समन्वय देखने को मिला। प्रो. डॉ. अखिलेश कुमार, प्रो. डॉ. संजीव कुमार अग्रवाल, डॉ. अमितेन्द्र सिंह, डॉ. स्मिता पाण्डेय एवं डॉ. विशाखा कमल ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से स्वतंत्रता के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्रनिर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए। 

महाविद्यालय की छात्राओं ने भी भाषण एवं देशभक्ति गीतों के माध्यम से अपनी भावनाएँ अभिव्यक्त कीं। छात्रा वैभवी द्वारा प्रस्तुत ‘वन्दे मातरम्’ ने समारोह में देशभक्ति की भावधारा को और अधिक प्रखर कर दिया।

इस अवसर पर रंगोली, वॉल पेंटिंग एवं म्यूजिकल कॉन्सर्ट सहित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाली एनएसएस, एनसीसी एवं रेंजर्स की छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया। छात्राओं का सम्मान उनकी रचनात्मक प्रतिभा, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना के साथ अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बना।

समारोह का विशेष आकर्षण आत्मनिर्भर भारत की स्वदेशी रक्षा शक्ति का प्रदर्शन रहा। एनसीसी प्रभारी डॉ. नेहा जैन के मार्गदर्शन में 19 यूपी गर्ल्स बटालियन से सम्बद्ध महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट्स ने भारत निर्मित आयुध एवं रक्षा उपकरणों के मॉडल्स के माध्यम से देश की बढ़ती सामरिक क्षमता को प्रदर्शित किया। 

इसमें अर्जुन मेन बैटल टैंक, तेजस लड़ाकू विमान, ब्रह्मोस का वर्किंग मॉडल तथा विक्रम आदि के प्रतिरूपों ने रक्षा एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत की। इस अभिनव प्रस्तुति ने छात्राओं में भारतीय वैज्ञानिक उपलब्धियों एवं स्वदेशी तकनीकी सामर्थ्य के प्रति गौरव का भाव जागृत किया।

स्वतंत्रता के इस महापर्व को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत सामूहिक शपथ भी ग्रहण की गई। समस्त महाविद्यालय परिवार, अतिथियों एवं छात्राओं ने नशा मुक्त भारत की शपथ लेते हुए स्वयं, परिवार और समाज को नशामुक्त रखने तथा इसके प्रति जनजागरूकता प्रसारित करने का संकल्प लिया। इस सामूहिक संकल्प ने स्वतंत्रता के अर्थ को सामाजिक चेतना, स्वस्थ जीवन और उत्तरदायी नागरिकता से जोड़ते हुए समारोह को विशेष सार्थकता प्रदान की।

समारोह की संपूर्ण तैयारी, व्यवस्था एवं अनुशासन में महाविद्यालय की एनसीसी, एनएसएस एवं रेंजर्स की छात्राओं ने उल्लेखनीय योगदान दिया। एनसीसी प्रभारी डॉ. नेहा जैन, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निशि मिश्रा एवं डॉ. विशाल वर्मा तथा रेंजर्स प्रभारी डॉ. स्मिता पाण्डेय एवं मोनिका द्विवेदी के मार्गदर्शन में छात्राओं ने पूर्ण समर्पण और अनुशासन के साथ आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।

प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस एवं बलिदान का स्मरण करते हुए छात्राओं को स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ को समझने और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, आत्मनिर्भर, अनुशासित एवं संवेदनशील युवा पीढ़ी ही विकसित भारत की सुदृढ़ आधारशिला है। 

उन्होंने छात्राओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को जीवन में आत्मसात करते हुए अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं सामर्थ्य को समाज और राष्ट्र के कल्याण में समर्पित करने का आह्वान किया। प्रो. डॉ. सुरंगमा यादव ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन दिया।