लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी शाखा में शुक्रवार को प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा में देशभक्ति का संदेश दिया। बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के वीर नायकों का रूप धारण कर उनके त्याग, साहस और देशप्रेम को जीवंत कर दिया।


कार्यक्रम में किसी बच्चे ने चंद्रशेखर आजाद का रूप धारण किया तो किसी ने रानी लक्ष्मीबाई की वेशभूषा में वीरता का परिचय दिया। वहीं, एक बच्चे ने महात्मा गांधी का रूप धारण कर सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के आदर्शों को प्रस्तुत किया। नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर में देशभक्ति का वातावरण बना दिया।


बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए देश की आजादी के महत्व का संदेश दिया। इस अवसर पर शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में प्री-प्राइमरी कक्षाओं की शिक्षिका एवं इंचार्ज पूजा श्रीवास्तव तथा म्यूजिक शिक्षिका दीपा जोशी की भूमिका महत्वपूर्ण और सराहनीय रही। विद्यालय परिवार ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए स्वतंत्रता दिवस के मूल संदेश—देशप्रेम, एकता, त्याग और जिम्मेदारी—को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal