लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद गौरी सांवरिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं मार्गदर्शन महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. शिवानी श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।

यह आयोजन महाविद्यालय की रेंजर्स इकाई, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) इकाई, पंडित दीनदयाल उपाध्याय अवध सांस्कृतिक क्लब एवं ललित कला क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता के महत्व के प्रति जागरूकता का संचार करना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुँचाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ तिरंगा रैली एवं एनसीसी बटालियन 19 कैडेट के साइकिल रैली के माध्यम से हुआ। यह रैली रैली का नेतृत्व प्राचार्य प्रो. शिवानी श्रीवास्तव एवं मुख्य अतिथि पार्षद गौरी सांवरिया ने किया। रैली में महाविद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए देशभक्ति नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का सशक्त संदेश दिया।

रैली के दौरान पिंक बूथ से जुड़े कर्मियों, तालकटोरा थाना प्रभारी एवं सफाई कर्मी को राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनकी समर्पित सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा एवं योगदान के लिए महाविद्यालय की ओर से आभार-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रैली के उपरांत समस्त महाविद्यालय परिवार बहुउद्देशीय सभागार में एकत्रित हुआ। इस अवसर पर प्राध्यापकों ने प्रेरणादायक उद्बोधन एवं देशभक्ति गीतों के माध्यम से छात्राओं में राष्ट्रीय चेतना एवं देशप्रेम की भावना को और अधिक प्रबल किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में डॉ. प्रियंका शर्मा ने ‘भारत विभाजन की विभीषिका’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने विभाजन के ऐतिहासिक, सामाजिक एवं मानवीय प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को उस कालखंड की पीड़ा एवं विस्थापन की त्रासदी से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को सुदृढ़ बनाए रखने का संदेश दिया।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अंतर्गत छात्राओं को भारत विभाजन से जुड़ी घटनाओं एवं मानवीय त्रासदी के विषय में जागरूक किया गया। इसके पश्चात सभागार में विभाजन विभीषिका पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसने उस ऐतिहासिक पीड़ा को अत्यंत प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया। इससे छात्राओं में इतिहास के प्रति संवेदनशीलता तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का भाव विकसित हुआ।
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत छात्राओं हेतु वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम एवं स्वतंत्रता विषयक आकर्षक चित्रों एवं रंगोलियों के माध्यम से अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रेंजर्स इकाई द्वारा सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया, जहाँ छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय कैडेट कोर की छात्राओं द्वारा म्यूजिकल कॉन्सर्ट की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसमें समूह एवं एकल गायन के माध्यम से प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने संपूर्ण वातावरण को राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह से परिपूर्ण कर दिया। साथ ही साथ, स्वयं से निर्माण की गई राखियो का स्टॉल भी लगाया गया।
प्राचार्य प्रो. शिवानी श्रीवास्तव ने अपने प्रेरक संबोधन एवं ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ प्रार्थना के माध्यम से छात्राओं को राष्ट्र के प्रति सजग रहने, अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा राष्ट्रध्वज एवं देश के सम्मान को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संपूर्ण महाविद्यालय परिवार एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं तथा सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संपूर्ण आयोजन गरिमामय, अनुशासित एवं गहन देशभक्तिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विशाल वर्मा द्वारा किया गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal