Wednesday , August 12 2026

बिग बॉस सीजन 20 में सबसे बड़ा ट्विस्ट, हर कंटेस्टेंट को मिलेगा ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेफ खेलने का अब कोई चांस नहीं! JioHotstar और COLORS ने बिग बॉस हिंदी सीज़न 20 का आधिकारिक ट्रेलर जारी किया। जिसमें सलमान खान ने ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’  नाम के एक ऐसे अनदेखे ट्विस्ट का खुलासा किया है, जो इस बार खेल खेलने का पूरा तरीका बदलने वाला है। बड़े रिस्क, बेबाक चालें और पहले से कहीं ज्यादा हाई स्टेक्स के साथ बिग बॉस का यह लैंडमार्क सीज़न अपने ग्रैंड प्रीमियर के लिए तैयार है।

ट्रेलर की शुरुआत दो योद्धाओं के बीच एक जबरदस्त जंग से होती है। तभी सलमान खान की दमदार एंट्री होती है और वह इस मुकाबले को अचानक रोक देते हैं। इसके बाद वह कहते हैं, “बिग बॉस में मिलेगा, मेरी जान… एक्स्ट्रा जीवनदान,” और फिर अपने खास अंदाज़ में “तथास्-टू” बोलते हुए सलमान इस सीज़न के सबसे बड़े ट्विस्ट से पर्दा उठाते हैं।

यह नया ट्विस्ट इशारा करता है कि इस बार बिग बॉस के घर में हर फैसला पहले से कहीं ज्यादा मायने रखेगा और हर कंटेस्टेंट को अपने गेम को एक नए अंदाज़ में खेलने की चुनौती मिलेगी। कंटेस्टेंट्स को एक अतिरिक्त मौका तो मिलेगा, लेकिन यह जीवनदान कब और कैसे काम आएगा, यह इस सीज़न के सबसे बड़े रहस्यों में से एक है। हालांकि एक बात बिल्कुल तय है — सेफ खेलने का कोई नो-नो चांस!

बिग बॉस के 20वें सीज़न के ऐतिहासिक पड़ाव का जश्न मनाते हुए, जियोस्टार (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियोज़) में हिंदी एवं इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिज़नेस के हेड आलोक जैन ने कहा, “किसी भी एंटरटेनमेंट फ्रैंचाइज़ी के लिए 20 सीज़न पूरे करना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और बिग बॉस हिंदी के लिए यह उस सफर का जश्न है, जो हर सीज़न के साथ लगातार विकसित हुआ है। इस महत्वपूर्ण पड़ाव में प्रवेश करते हुए हमारा उद्देश्य गेम को नए सिरे से पेश करना और इसके दांव को ऐसे अंदाज़ में बढ़ाना था, जो कंटेस्टेंट्स और दर्शकों, दोनों के लिए नया, अप्रत्याशित और रोमांचक हो।”

उन्होंने कहा “सीज़न 20 के साथ हम फॉर्मेट के प्रति एक और इनोवेटिव अप्रोच लेकर आए हैं, जिसमें गेमप्ले की नई परतें शामिल की गई हैं। ये नई चुनौतियां कंटेस्टेंट्स को अपनी रणनीतियों पर दोबारा सोचने और घर के अंदर नई संभावनाएं तलाशने के लिए मजबूर करेंगी। ट्रेलर इस विकसित होते गेमप्ले की पहली झलक पेश करता है, जिसमें कई नए एलिमेंट्स भी शामिल हैं, जो कंटेस्टेंट्स को लगातार खुद को ढालने, रिस्क लेने और ऐसे फैसले करने के लिए प्रेरित करेंगे, जो उनके पूरे सफर की दिशा बदल सकते हैं।”

नए थीम के बारे में बात करते हुए सलमान खान ने कहा, “बिग बॉस में हर साल गेम बदलता है। इस बार सिर्फ गेम नहीं, खेलने का तरीका भी बदलने वाला है। ‘जीवनदान’ सुनने में जितना सीधा लगता है, उतना है नहीं। बाकी, घर के अंदर पता चल ही जाएगा।”