Friday , August 14 2026

लेबर अड्डों पर श्रमिक पंजीयन अभियान शुरू, योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। असंगठित क्षेत्र के निर्माण एवं दिहाड़ी श्रमिकों को सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाने के उद्देश्य से श्रम विभाग, लखनऊ एवं विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘श्रमिक पंजीयन अभियान’ के तहत मंगलवार को अर्जुनगंज लेबर अड्डे पर विशेष पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने अपना पंजीकरण कराया और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

शिविर में श्रम विभाग के श्रम प्रवर्तन अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि श्रमिक पंजीयन अभियान की शुरुआत आज अर्जुनगंज लेबर अड्डे से की गई है। उन्होंने बताया कि कल हमारी टीम के द्वारा इस शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया था तथा लेबर अड्डे पर सूचना संबंधी पोस्टर भी चस्पा किए गए थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लेबर अड्डे पर 2 दिवसीय शिविर आयोजित कर श्रमिकों का पंजीकरण किया जाएगा। यह अभियान 11 अगस्त से 25 अगस्त के मध्य लखनऊ के विभिन्न लेबर अड्डों पर निरंतर संचालित रहेगा।

इस अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन के अमित सिंह ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन श्रमिकों का श्रमिक कार्ड बना हुआ है और जिनके बच्चे कक्षा 5 में अध्ययनरत हैं, वे अगले शैक्षणिक सत्र के लिए अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना श्रमिकों के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

इंडिया लेबर लाइन के राज्य समन्वयक गुरुप्रसाद ने श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि कई श्रमिक पंजीकरण तो करा लेते हैं, लेकिन समय पर उसका नवीनीकरण (रिन्यूअल) नहीं करा पाते। उन्होंने सभी श्रमिकों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर अपना श्रमिक कार्ड अवश्य नवीनीकृत कराएं, ताकि बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं का निरंतर लाभ मिलता रहे।

गुरुप्रसाद ने बताया कि विज्ञान फाउंडेशन द्वारा इंडिया लेबर लाइन के तहत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18008339020 जारी किया गया है। यदि किसी श्रमिक को उसकी मजदूरी का भुगतान नहीं मिलता है या भुगतान में देरी होती है, तो श्रमिक इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। इंडिया लेबर लाइन श्रमिक और नियोक्ता के मध्य मध्यस्थता करके बकाया मजदूरी दिलवाने का प्रयास करती है।