Monday , August 10 2026

लक्ष्मण टीला पर जलाभिषेक करेगा अखण्ड आर्यावर्त महासभा, तैयारी बैठक 13 को

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सावन के आखिरी सोमवार 24 अगस्त को लक्ष्मण टीला स्थित टीलेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक को लेकर अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिये संगठन ने आगामी 13 अगस्त को प्रातः 11ः30 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक बुलायी है। जिसमें लक्ष्मण टीला स्थित टीलेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक सहित न्याय की आस में भटक रही लखनऊ के त्रिपाठी परिवार की दो बहुओं को अब तक न्याय न मिलने सहित अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की जायेगी। 

प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रमौलि शुक्ल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी के नेतृत्व में होने वाली यह बैठक संगठन के राष्ट्रीय मुख्यालय (एसडीएम काॅम्पलेक्स, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के सामने, कुर्सी रोड) में होगी। इस बैठक में उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी पदाधिकारी एवं समस्त मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष तथा पूर्वांचल अध्यक्ष, पश्चिमांचल अध्यक्ष, मध्यांचल अध्यक्ष एवं सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष श्री शुक्ला ने बताया कि बैठक का मुख्य एजेंडा 24 अगस्त को टीलेश्वर महादेव लक्ष्मण टीला पर जलाभिषेक, निहारिका त्रिपाठी मामले में थाना गोमती नगर द्वारा एफआईआर दर्ज न करना, पुलिस प्रशासन द्वारा संगठन के पदाधिकारी का उत्पीड़न करना एवं अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को जनता में धूमिल करना आदि प्रमुख मुद्दों शामिल है।