हैदराबाद (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। तेलंगाना सरकार के कॉलेजिएट एजुकेशन कमिश्नरेट ने लॉन्च गर्ल्स के साथ साझेदारी में राज्य के 43 सरकारी डिग्री और स्वायत्त (ऑटोनॉमस) कॉलेजों की छात्राओं के लिए तीन वर्षीय ‘करियर रेडीनेस प्रोग्राम’ शुरू किया है।
यह पहल शिक्षा और रोजगार के बीच मौजूद महत्वपूर्ण अंतर को कम करने की दिशा में एक अहम कदम है। हालांकि पहले की तुलना में अधिक युवा महिलाएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, लेकिन भारत में महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी अभी भी अपेक्षाकृत कम है। पीरियॉडिक लेबर फोर्स सर्वे (PLFS) की वार्षिक रिपोर्ट 2025 के अनुसार, वर्ष 2025 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की केवल 40 प्रतिशत महिलाएं ही श्रमबल का हिस्सा थीं, जबकि पुरुषों की भागीदारी 79.1 प्रतिशत रही।

वर्ष 2026-27 से प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के साथ शुरू होने वाला यह कार्यक्रम उनकी नियमित पढ़ाई के साथ-साथ चलेगा। इसके माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद कौशल (कम्युनिकेशन), वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता तथा रणनीतिक सोच (स्ट्रैटेजिक थिंकिंग) जैसे आवश्यक कौशल विकसित किए जाएंगे, ताकि वे अपने करियर के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।
इस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ कॉलेजिएट एजुकेशन कमिश्नरेट के संयुक्त निदेशक प्रो. पी. बालाभास्कर, संयुक्त निदेशक राजेंद्र सिंह और अकादमिक मार्गदर्शन अधिकारी प्रो. वी. राजेंद्र प्रसाद की उपस्थिति में किया गया।
कॉलेजिएट एजुकेशन कमिश्नरेट की आयुक्त ए. श्रीदेवसेना (आईएएस) ने कहा, “यह कार्यक्रम इस बात के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि छात्राएं कॉलेज से केवल डिग्री लेकर ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, आवश्यक कौशल और बेहतर अवसरों के साथ भी निकलें, ताकि वे आत्मनिर्भर और सार्थक भविष्य का निर्माण कर सकें। कॉलेज के पहले वर्ष से लेकर स्नातक तक उनका निरंतर मार्गदर्शन कर हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उच्च शिक्षा उन्हें कॉलेज के बाद की दुनिया और करियर की चुनौतियों के लिए भी पूरी तरह तैयार करे।”

लॉन्च गर्ल्स की सह-संस्थापक और सीईओ नेहा साहू ने कहा, “कई युवा महिलाओं के लिए कॉलेज जीवन अवसरों से भरा एक महत्वपूर्ण दौर होता है। लेकिन केवल डिग्री हासिल कर लेना हमेशा नौकरी, अपना व्यवसाय शुरू करने या भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले आत्मविश्वास के साथ लेने की गारंटी नहीं होता। इस साझेदारी के माध्यम से हमें छात्राओं के साथ उनके तीन महत्वपूर्ण शैक्षणिक वर्षों तक जुड़े रहने और उन्हें केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि सही दिशा, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और अपने भविष्य की स्पष्ट राह के साथ स्नातक बनाने का अवसर मिलेगा।”
यह कार्यक्रम और साझेदारी सरकारी कॉलेजों की शिक्षा व्यवस्था में करियर की तैयारी को शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, इसका उद्देश्य तेलंगाना की युवा महिलाओं को रोजगार, उद्यमिता और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों से जोड़ते हुए उनकी आर्थिक भागीदारी को मजबूत बनाना है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal