Monday , August 3 2026

तीज उत्सव में श्लोकों पर आधारित भरतनाट्यम प्रस्तुतियों ने मोहा मन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं नारी सम्मान को समर्पित स्तुति नृत्यम फाउंडेशन द्वारा शनिवार को तीज उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्लोकों एवं स्तुतियों पर आधारित भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर डॉ. माधवी सिंह राजपूत को “स्तुति नृत्यम तीज सुंदरी–2026” चुना गया। उनका चयन मिसेज यूनिवर्स नीमा पंत एंव साहित्यकार डा. रीमा सिन्हा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मिसेज यूनिवर्स नीमा पंत और विशिष्ट अतिथि रीमा सिन्हा (निहारिका साहित्य मंच – कंट्री ऑफ इंडिया की संस्थापिका एवं प्रमुख सदस्य) के साथ ही अखिल भारतीय व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता, समाजसेविका पुनीता शिल्प (शिवि शिल्प ग्राम) सहित अनेक समाजसेवी, साहित्यकार एवं गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

स्तुति नृत्यम फाउंडेशन की संस्थापिका एवं प्रशिक्षिका गीता सक्सेना ने बताया कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और नई पहचान प्रदान करना है। संस्था की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां केवल श्लोकों एवं स्तुतियों पर आधारित भरतनाट्यम का प्रशिक्षण दिया जाता है। पांच वर्ष से लेकर सत्तर वर्ष तक की बालिकाएं एवं महिलाएं इस विधा से जुड़कर नृत्य के माध्यम से सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और संस्कारों को सहज रूप से आत्मसात करती हैं। 

उन्होंने कहा कि जहां अधिकांश मंचों पर महिलाओं को “क्वीन” की उपाधि दी जाती है, वहीं स्तुति नृत्यम फाउंडेशन भारतीय परंपरा का सम्मान करते हुए प्रत्येक महिला को देवी स्वरूप मानता है और उन्हें “सुंदरी” के रूप में सम्मानित करता है। यह पहल भारतीय संस्कृति के मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास है।

इस अवसर पर संस्था की संरक्षिका रश्मि श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष आरोही सक्सेना, उपसचिव अंकिता साहू, मीडिया प्रमुख संध्या श्रीवास्तव, कार्यकारिणी प्रमुख रोली सक्सेना एवं अपर्णा सक्सेना, संगठन मंत्री आभा सिन्हा एवं विनीता श्रीवास्तव, सांस्कृतिक मंत्री डॉ. माधवी सिंह राजपूत तथा मुख्य सदस्य कमला रावत सहित संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।