Saturday , August 1 2026

एकल विद्यालयों के 24 लाख बच्चों की शिक्षा को समर्पित अमीलिया एग्जीबिशन का आगाज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत लोक शिक्षा परिषद (महिला विभाग), लखनऊ चैप्टर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “Amelia Fashion & Lifestyle Exhibition–2026” का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, समाजसेविका नम्रता पाठक, लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिंदु बोरा ने की। 

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहाकि भारत लोक शिक्षा परिषद द्वारा महिला उद्यमिता और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजन न केवल महिला उद्यमियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक बेहतर मंच प्रदान करते हैं, बल्कि वोकल फॉर लोकल के अभियान को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 37 वर्षों से लगातार 24 लाख बच्चों के भविष्य और शिक्षा के क्षेत्र में अद्वितीय कार्य कर रहे भारत लोक शिक्षा परिषद महिला विभाग द्वारा एकल विद्यालयों की शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक प्रभावी और प्रेरणादायी कदम है। 

कार्यक्रम अध्यक्ष बिंदु बोरा ने कहाकि अमीलिया एग्जीबिशन का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन 2047 को शक्ति देना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रेरणाओं से हम अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी से अर्जित आय का एकमात्र उद्देश्य एकल विद्यालयों में अध्ययनरत उन 24 लाख भारत के भविष्य निर्माताओं को शक्ति प्रदान करना है जिनके नन्हे हाथों में आज पेंसिल है और कल भारत के भविष्य को दिशा देने की कलम होगी। उस कलम में स्याही कभी खत्म न हो यह भारत लोक शिक्षा परिषद सुनिश्चित करने के लिए तत्पर है। महिला विभाग हमेशा से समाज सेवा और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

शुभारंभ समारोह के दौरान उपस्थित महिला शक्ति को वर्ष पर्यन्त परिश्रम करने के लिए उप मुख्यमंत्री ने अंग वस्त्र और सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भारत लोक शिक्षा परिषद, लखनऊ चैप्टर के अध्यक्ष भूपेंद्र अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, रवीश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, बृजमोहन अग्रवाल एवं अतुल अग्रवाल सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। 

महिला विभाग की ओर से कविता अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, अंजना अग्रवाल, मीनू अग्रवाल, वंदना अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, बीना गोयल, दीपाली मित्तल एवं विभा जालान सहित सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन बिन्दू अग्रवाल द्वारा किया गया।