लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जन उद्घोष व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा से भेंटकर व्यापारियों एवं उनके परिवारों के लिए “व्यापारी स्वास्थ्य कार्ड” योजना लागू किए जाने की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अवगत कराया कि प्रदेश का व्यापारी वर्ग राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारी न केवल लाखों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध कराते हैं, बल्कि सरकार के राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसके बावजूद अनेक व्यापारी परिवार गंभीर बीमारी की स्थिति में महंगे इलाज का खर्च उठाने में कठिनाइयों का सामना करते हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेश सरकार पंजीकृत व्यापारियों एवं उनके परिवारों के लिए प्रति परिवार ₹25 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराते हुए “व्यापारी स्वास्थ्य कार्ड” योजना प्रारंभ करे, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान किसी भी व्यापारी परिवार पर आर्थिक संकट न आए।
व्यापारी नेताओं ने बताया कि विधायक डॉ. नीरज बोरा ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इस विषय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे तथा व्यापारियों के हित में सकारात्मक पहल करने का पूरा प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार सिंह तथा जिलाध्यक्ष लखनऊ नवीन कुमार सिंह शामिल थे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal