Monday , October 12 2026

उपेक्षा का शिकार जानकीपुरम का अटल चौराहा, लोगों में नाराजगी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जानकीपुरम विस्तार स्थित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में निर्मित अटल चौराहा इन दिनों उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। चौराहे की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर कराए गए सौंदर्यीकरण के बावजूद चौराहे की नियमित देखरेख नहीं होने से यह फिर से जर्जर होने लगा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ माह पहले ही चौराहे का पुनर्निर्माण कराया गया था, लेकिन अब इसकी सतह कई स्थानों पर टूटने लगी है। चौराहे के आसपास लंबी घास उग आई है और परिसर में जगह-जगह कूड़ा फैला हुआ है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के आसपास भी साफ-सफाई का अभाव दिखाई दे रहा है, जिससे आने-जाने वाले लोगों में असंतोष है।

इस संबंध में जनविकास महासभा के अध्यक्ष पंकज तिवारी ने नगर निगम और लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अटल चौराहे के रखरखाव और साफ-सफाई की ओर किसी का ध्यान नहीं है। उनका कहना है कि बीते वर्षों में चौराहे के सौंदर्यीकरण पर लाखों रुपये खर्च किए गए और कई बार इसका पुनर्निर्माण कराया गया, लेकिन वर्तमान में यह स्थल फिर से उपेक्षा का शिकार हो गया है।

पंकज तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेताओं में शामिल भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा एवं स्मारक स्थल की ऐसी स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने संबंधित विभागों से चौराहे की तत्काल सफाई, मरम्मत और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पूर्व प्रधानमंत्री की स्मृति से जुड़े इस महत्वपूर्ण स्थल की गरिमा बनी रह सके।