Tuesday , July 21 2026

सुरेन्द्र नाथ अग्रवाल अध्यक्ष, नीलेश अग्रवाल बने श्री अग्रवाल सभा के महामंत्री

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्री अग्रवाल सभा, लखनऊ के त्रिवार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव में सभी प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने से संगठन में एकजुटता और सामंजस्य दिखा। चुनाव परिणाम के अनुसार सुरेन्द्र नाथ अग्रवाल (त्रिमूर्ति) को श्री अग्रवाल सभा का अध्यक्ष तथा नीलेश अग्रवाल (टाटा) को महामंत्री निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

इसी क्रम में यतेन्द्र कुमार सिंघल वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा गोविंद कृष्ण अग्रवाल कोषाध्यक्ष चुने गए। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए दीपक अग्रवाल (चौक) सहित छह उम्मीदवार तथा मंत्री पद के लिए सुधीश गर्ग सहित छह उम्मीदवार भी निर्विरोध निर्वाचित हुए।

इसके अलावा मुकेश अग्रवाल को आय-व्यय निरीक्षक, असित अग्रवाल को मीडिया प्रभारी चुना गया। वहीं 21 कार्यकारिणी सदस्यों का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

सभा के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनका नेतृत्व संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, समाजहित के कार्यों को गति देने तथा अग्रवाल समाज की एकता एवं विकास के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगा। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन की गरिमा बनाए रखने और समाज के हित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया।